पिकनिक स्पॉट के रूप में भी विख्यात है प्रकृति की गोद में बसा मोती झरना देश – विदेश से आते हैं पर्यटक


साहिबगंज : अगर आप नए साल के लिए कोई पिकनिक स्पॉट ढूंढ रहे हैं, या प्राकृतिक प्रेमी हैं और सपरिवार नववर्ष के आगमन का लुत्फ खूबसूरत झरनों और वादियों के साथ मनाना चाहते हैं तो साहिबगंज जिले में स्थित मोती झरना आपके लिए एक बेहतरीन, सुंदर,आकर्षक और उत्तम जगह है। 

पिकनिक स्पॉट के रूप में भी विख्यात है प्रकृति की गोद में बसा मोती झरना देश – विदेश से आते हैं पर्यटक


कुदरत और प्रकृति ने झारखंड के इस जिले को फुर्सत के क्षणों में खूब मेहनत से सींचा है। इसीलिए तो खनिज संपदाओं के साथ – साथ खूबसूरत पर्यटन स्थलों की भरमार है यहां। और उन्हीं में से एक है साहिबगंज जिले के महाराजपुर में स्थित बाबा मोतीनाथ का मोती झरना। 

मोती झरना इस क्षेत्र का ही नहीं अपितु झारखंड राज्य के बहुत ही सुंदर पिकनिक स्पॉट में से एक है। यह झारखंड राज्य के प्रसिद्ध, मनोरम और प्राकृतिक झरनों में से एक है। बरसात का मौसम हो या ठंड या गर्मी का मौसम, इस जलप्रपात की मनमोहक छटा देखते ही बनती है।

 ऊंचे – ऊंचे पहाड़ और झरने के आसपास की हरियाली इस जलप्रपात की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं। यह स्थल अपने प्रकृति और प्राकृतिक सौंदर्य से पर्यटकों और आगंतुकों के लिए विश्राम स्थली के रूप में भी ख्याति अर्जित कर रही है। झरना के पास ही एक मंदिर है, जो एक गुफा के अंदर अवस्थित है। 

यह मंदिर शिवजी को समर्पित है, जिसे मोतीनाथ भी कहते हैं। यही कारण है कि यहां के झरने का नाम मोती झरना पड़ा। पहाड़ के अंदर शिवलिंग और बाहर मनमोहक झरना की वजह से यहां हर साल भारी संख्या में भक्त, सैलानी और पर्यटक आते हैं और प्रकृति रचित मनोरम दृश्य का लुत्फ उठाते हैं।

 अगर आप कभी साहिबगंज जाएं तो इस जलप्रपात को देखने और आसपास के मनमोहक दृश्य का लुत्फ उठाने यहां अवश्य पधारें। मोती झरना साहिबगंज से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर महाराजपुर के पास अवस्थित है। आप चाहें वो तालझारी प्रखंड मुख्यालय या स्टेशन से भी मोती झरना जा सकते हैं।

 आप जैसे – जैसे मोती झरना की ओर बढ़ेंगे आपको खूबसूरत नजारे दिखने शुरू हो जाएंगे। ऊंचे – ऊंचे पहाड़ और आसपास की हरियाली आपका मन मोह लेती हैं। यह झरना राजमहल पहाड़ी से तीन भागों में विभक्त होकर गिरती है। लगभग 50 से 60 मीटर की ऊंचाई से गिरते पानी की धारा लोगों को बरबस अपनी ओर आकर्षित कर लेती है।

 पर्यटन विभाग ने भी पर्यटकों को लुभाने के लिए कोई कोर – कसर नहीं छोड़ी है। विभिन्न प्रकार के जानवरों और पक्षियों की मूर्तियां, वॉच टॉवर, आरामदायक सीटें आदि भी यहां लगाई गई हैं। छोटे बच्चों के लिए झूले की व्यवथा भी यहां की गई है। पर्यटकों के लिए यहां कई तरह के होटल भी मौजूद हैं, जो सभी सुविधाओं से सुसज्जित हैं।

 आप अपने परिवार के साथ यहां आकर अच्छा समय व्यतीत कर सकते हैं। मंदिर की ओर जाने के लिए और नहाने के लिए पुल भी बनाया गया है। लोगों की मान्यता है कि इस झरने के पानी में स्नान करने से चर्म रोग दूर हो जाते हैं। अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं या फोटोग्राफी के शौकीन हैं, तो भी आपको यहां जरूर आना चाहिए।

 वैज्ञानिकों का मानना है की इस प्राकृतिक धारा का उद्गम राजमहल की प्रसिद्ध पहाड़ियां हैं। यह शांत धारा इस जगह को आकर्षक और लुभावना बनाती है। यहां के प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को सकून प्रदान करती है। मोती झरना का मनोरम दृश्य मौसम के अनुसार बदल जाता है। 

यूं तो सालों भर यहां पर्यटकों, सैलानियों और श्रद्धालुओं का आना – जाना लगा रहता है, परंतु इस झरने का दीदार का असली समय तो मानसून का मौसम ही है, क्योंकि बरसात के मौसम में इस झरना से ज्यादा मात्रा में पानी गिरता है, जो दूर से देखने में बेहद ही आकर्षक और शानदार दिखता है। 

अगर आप मोती झरना घूमने का मन बना रहे हैं तो बरसात का मौसम हो या ठंड का मौसम, या फिर गर्मी का मौसम, आप किसी भी मौसम का चुनाव कर सकते हैं। यहां देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी हजारों पर्यटक हर साल आते हैं।


मोती झरना कैसे जाएं

मोती झरना तक जाने के लिए महाराजपुर से बायपास सड़क बनाई गई है। आप आसानी से दो या चार पहिया वाहन से या ऑटो की मदद से यहां आ सकते हैं। साहिबगंज रेलवे स्टेशन पूर्वी रेलवे क्षेत्र का एक प्रमुख रेलवे स्टेशन है। वैसे तो जिला मुख्यालय का निकटतम रेलवे स्टेशन भी साहिबगंज ही है,

 परंतु मोती झरना जाने का नजदीकी स्टेशन महाराजपुर है और निकटतम बस स्टैंड तालझारी और साहिबगंज दोनों ही है। साहिबगंज रेलवे स्टेशन से मोती झरना की दूरी मात्र पंद्रह किलोमीटर है, वहीं निकटतम हवाई अड्डा, रांची हवाई अड्डा ( 431 किमी ) और पटना हवाई अड्डा ( 300 किमी ) है।

By: Sanjay Kumar Dhiraj

0 Response to "पिकनिक स्पॉट के रूप में भी विख्यात है प्रकृति की गोद में बसा मोती झरना देश – विदेश से आते हैं पर्यटक"

Post a Comment

साहिबगंज न्यूज़ की खबरें पढ़ने के लिए धन्यवाद, कृप्या निचे अनुभव साझा करें.

Iklan Atas Artikel

Iklan Tengah Artikel 2

Iklan Bawah Artikel