बरहरवा में संगठन सृजन 2025 का बजा बिगुल, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया एकजुटता का संदेश
बरहरवा : संगठन सृजन अभियान - 2025 के तहत प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू एवं पतना प्रखंड अध्यक्ष परवेज आलम की अध्यक्षता में साहिबगंज जिला अध्यक्ष चयन हेतु बरहरवा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की बैठक निशा मैरेज हॉल में संपन्न हुई। बैठक में एआईसीसी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक प्रभु टोकिया, प्रदेश से नियुक्त पर्यवेक्षक सह अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम एवं साहिबगंज जिला प्रभारी सह प्रदेश उपाध्यक्ष मणिशंकर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
साहिबगंज जिला प्रभारी सह प्रदेश उपाध्यक्ष मणिशंकर ने मल्लिकार्जुन खड़गे जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद, आलमगीर आलम जिंदाबाद के नारों से अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि हम बरहरवा, पतना एवं पाकुड़ विधानसभा के लोगों को विशेष रूप से बधाई एवं धन्यवाद देते हैं की पूरे झारखंड में अपने पाकुड़ विधानसभा को पूरे 85000 वोटो से जीत दिला कर घुसपैठी के मुद्दे को पराजित किया है।
इसके लिए हमारे एक-एक कांग्रेस के सिपाही धन्यवाद के पात्र है। आगे उन्होंने कहा कि जिस तरह आप लोगों ने पहले भी कांग्रेस के झंडा को यहां पर बुलंद किया है, मुझे विश्वास है की आगे भी आप राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का झंडा बुलंद करते रहेंगे।
एआईसीसी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक प्रभु टोकिया ने बताया कि संगठन सृजन अभियान 2025 का ये अभियान एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में गुजरात, मध्य प्रदेश और हरियाणा में सफलता पूर्वक संचालित किया जा चुका है। अब इसका विस्तार पूरे देश में किया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड के साथ-साथ पंजाब, ओडिशा और उत्तराखंड में भी पर्यवेक्षकों को भेजा गया है।
इसी क्रम में मैं भी आपके प्रखंड पर्यवेक्षक के रूप में आया हूं। इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य देशभर में कांग्रेस पार्टी के नए जिला अध्यक्षों का चयन करना और संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करना है। कांग्रेस पार्टी इस प्रक्रिया के माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
बैठक में जिलाध्यक्ष बरकत खान और बरहरवा एवं पतना प्रखंड कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष,कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और एनएसयूआई प्रतिनिधि मंडल मौजूद रहे। बैठक के उपरान्त पर्यवेक्षक श्री प्रभु टोकिया ने बरहरवा प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण से मुलाकात किया तथा सभी की रायशुमारी ली।
0 Response to "बरहरवा में संगठन सृजन 2025 का बजा बिगुल, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया एकजुटता का संदेश"
Post a Comment