बरहरवा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर माल्यार्पण
साहिबगंज : बरहरवा प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड परिसर स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई।
इस अवसर पर प्रखंड के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय बुद्धिजीवियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित आम नागरिकों ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और त्याग को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा न सिर्फ झारखंड, बल्कि पूरे देश के लिए संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक रहे हैं।
उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ उलगुलान आंदोलन छेड़कर आदिवासी समाज को आत्मगौरव का संदेश दिया। उनके जीवन संघर्ष और बलिदान ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। प्रखंड के वरीय अधिकारियों ने कहा कि बिरसा मुंडा की जयंती हमें यह प्रेरणा देती है कि समाज के कमजोर वर्गों के हित में कार्य करना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है।
उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक समृद्ध, स्वावलंबी और जागरूक समाज का निर्माण कर सकते हैं।माल्यार्पण के बाद सामूहिक रूप से दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति एवं जनजागरण से जुड़े गीत भी प्रस्तुत किए गए,
जिससे पूरे परिसर का माहौल उत्साह और श्रद्धा से भर गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को विशेष रूप से मनाना यह दर्शाता है कि उनकी विरासत आज भी जीवंत है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सनी कुमार दास, बीपीओ राजवीर एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह का संचालन प्रखंड प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में किया गया।
0 Response to "बरहरवा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर माल्यार्पण"
Post a Comment