शहीदों के सम्मान में साहिबगंज में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
साहिबगंज: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को भाजपा के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा के नेतृत्व में शहीदों के सम्मान में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। यह यात्रा सदर प्रखंड के डॉक्टर विजय कुमार आवासीय मोड़ से शुरू होकर बाटा रोड, एल.सी. रोड, स्टेशन चौक, पूर्वी फाटक जैसे प्रमुख मार्गों से होती हुई प्रखंड मुख्यालय स्थित विभिन्न स्वतंत्रता सेनानी व महापुरुषों की प्रतिमाओं तक पहुंची।
यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश वेटरन्स इंडिया के अध्यक्ष भूलन दुबे भी मौजूद रहे।
पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में शहीदों के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना जगाना है। उन्होंने कहा, “हमारा तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, एकता और बलिदान का प्रतीक है।”
वहीं, भूलन दुबे ने कहा कि भाजपा ने शहीदों को सम्मान देने की परंपरा को नियमित रूप से आगे बढ़ाया है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि इस स्वतंत्रता दिवस अपने घर पर तिरंगा पूर्ण सम्मान के साथ फहराएं और राष्ट्रप्रेम की भावना को आत्मसात करें।
यात्रा का समापन शहीद स्थल पर मौन श्रद्धांजलि और माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष संजय पटेल, निवर्तमान भाजपा नगर उपाध्यक्ष रामानंद साह, भाजपा नेता डब्लू ओझा, मनोज ओझा, पंकज शर्मा, रंजन पांडे, कमलेश तिवारी, बबलू मिश्रा, बबलू तिवारी, एनसीसी के दर्जनों कैडेट, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता व सैकड़ों समाजसेवी शामिल हुए।
0 Response to "शहीदों के सम्मान में साहिबगंज में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर"
إرسال تعليق