अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर विद्यार्थी सप्ताह की शुरुआत, प्रतियोगिताओं में गूंजा छात्राओं का उत्साह
विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में एबीवीपी साहिबगंज नगर द्वारा आयोजित विद्यार्थी सप्ताह कार्यक्रम के प्रथम दिवस का आयोजन नगर पालिका गर्ल्स हाई स्कूल, साहिबगंज में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एबीवीपी के ध्वजारोहण, दीप प्रज्वलन एवं परिषद् गीत के साथ हुआ। इसके उपरांत भाषण, पेंटिंग, वाद-विवाद (डिबेट) एवं आर्ट्स एंड क्राफ्ट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सामाजिक चेतना एवं राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करना था। इस अवसर पर मुख्य रूप से विभाग संयोजक संजय दत्ता एवं एबीवीपी झारखंड सोशल मीडिया संयोजक इन्द्रजीत साह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन नगर मंत्री चंदन गुप्ता ने किया।
विभाग संयोजक संजय दत्ता ने अपने संबोधन में कहा कि, “अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् स्थापना काल से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र पुनर्निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करती आ रही है। विद्यार्थी सप्ताह जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ - साथ उनमें अनुशासन,
नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। परिषद् का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को समाज और राष्ट्र के प्रति जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिक बनाना है।” अभाविप झारखंड सोशल मीडिया संयोजक इन्द्रजीत साह ने कहा कि,
“आज के विद्यार्थी केवल भविष्य के नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान के सक्रिय परिवर्तनकारी भी हैं। एबीवीपी विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक क्षेत्र तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय विषयों से जोड़कर उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास करने का कार्य करती है। विद्यार्थी सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है तथा उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।”
नगर मंत्री चंदन गुप्ता ने कहा कि, “एबीवीपी का प्रत्येक कार्यक्रम विद्यार्थियों के हित और उनके व्यक्तित्व निर्माण को केंद्र में रखकर आयोजित किया जाता है। विद्यार्थी सप्ताह के अंतर्गत नगर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शैक्षणिक, बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक विद्यार्थी इन कार्यक्रमों से जुड़ें, अपनी प्रतिभा को विकसित करें तथा राष्ट्र निर्माण की इस महान यात्रा में सहभागी बनें।”
कार्यक्रम में जिला कार्यालय मंत्री अंकुश कुमार, अविनाश कुमार, नगर सह मंत्री लक्ष्मी कुमारी, दीपिका कुमारी, पायल कुमारी, पूर्णव कुमार, अनमोल , बादल कौशिक एवं पीयूष कुमार,अंकित , समीर,नीरज यादव,अमन भगत ,राहुल कुमार सहित एबीवीपी के अनेक कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
0 Response to "अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर विद्यार्थी सप्ताह की शुरुआत, प्रतियोगिताओं में गूंजा छात्राओं का उत्साह"
Post a Comment