अभाविप विद्यार्थी सप्ताह: राजस्थान स्कूल, साहिबगंज में दूसरे दिन 400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह
साहिबगंज: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विद्यार्थी सप्ताह’ के दूसरे दिन राजस्थान स्कूल, साहिबगंज में विभिन्न प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं परिषद् गीत के साथ हुआ, जिसके बाद भाषण, पेंटिंग, वाद-विवाद (डिबेट) एवं आर्ट्स एंड क्राफ्ट प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
इन प्रतियोगिताओं में 400 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक, बौद्धिक एवं कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा राष्ट्र और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंत्री चंदन कुमार गुप्ता ने की। इस अवसर पर अभाविप झारखंड प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इन्द्रजीत साह एवं प्रदेश छात्रा सह प्रमुख निधि सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इन्द्रजीत साह ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सप्ताह जैसे आयोजन छात्रों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करते हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध विकसित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज का विद्यार्थी ही भविष्य के भारत का निर्माता है, इसलिए उसका संस्कारयुक्त एवं जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
वहीं, निधि सिंह ने छात्राओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि अभाविप ऐसे आयोजनों के माध्यम से छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है।
नगर मंत्री चंदन कुमार गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थी सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि अभाविप का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, सामाजिक चेतना, राष्ट्रभक्ति और सकारात्मक नेतृत्व का विकास करना है। साथ ही उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अविनाश साह, जिला कार्यालय मंत्री अंकुश कुमार, पायल कुमारी, दीपिका कुमारी, खुशबू कुमारी, अदिति, पूर्णव कुमार, अनमोल कुमार, विवेक कुमार, बादल कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
0 Response to "अभाविप विद्यार्थी सप्ताह: राजस्थान स्कूल, साहिबगंज में दूसरे दिन 400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह"
Post a Comment