राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर साहिबगंज में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
साहिबगंज : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली, तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के निर्देशानुसार 9 से 14 नवंबर 2025 तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है।
रविवार को विधिक सेवा दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों में प्रदर्शनी कार्यक्रम, विधिक से संबंधित जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विधिक सेवा सप्ताह मनाने का उद्देश्य राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार - प्रसार कर असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अखिल कुमार ने प्रदर्शनी कार्यक्रम में फीता काटकर किया। प्रदर्शनी कार्यक्रम में योजनाओं के पंपलेट, बैनर के माध्यम से विधिक सेवा प्राधिकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।
आयोजित कार्यक्रम में विधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से नालसा द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबंधित करते हुए साहिबगंज जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि पात्र नागरिक व्यवहार न्यायालय परिसर, साहिबगंज स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय तथा राजमहल अनुमंडल व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित अनुमंडल विधिक सेवा समिति कार्यालय से निःशुल्क विधिक सहायता एवं कानूनी परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। जागरूकता कार्यक्रम में न्यायालय के वकील एवं बड़ी संख्या में आम जनों की सहभागिता रही।

0 Response to "राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर साहिबगंज में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित"
Post a Comment