17 जुलाई से ठप्प पड़ी साहिबगंज-मनिहारी फेरी सेवा शुरू, यात्रियों और व्यापारियों को मिली राहत
साहिबगंज : झारखंड राज्य के साहिबगंज और बिहार के मनिहारी के बीच गंगा नदी में एक बार फिर से फेरी सेवा की शुरुआत कर दी गई है। फेरी सेवा घाट शुरू होने के बाद से यात्रियों और व्यापारियों को काफी राहत मिली।
फेरी सेवा के प्रबंधक ने बताया कि कटिहार जिले के मनिहारी - साहिबगंज गंगा नदी मार्ग पर अंतर्राज्यीय यात्री फेरी सेवा सोमवार से फिर शुरू हो गई है। यह सेवा चार महीने बाद बहाल हुई है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
बाढ़ के बाद, परिवहन सेवाएं और सामुदायिक जीवन पटरी पर लाने के उद्देश्य से फेरी सेवा की शुरुआत की गई है। उल्लेखनीय है कि गंगा नदी में जलस्तर की लगातार बढ़ोतरी, हाइकोर्ट के आदेश और कुछ तकनीकी कारणों से यह फेरी सेवा पिछले चार महीनों से बंद थी।
फेरी सेवा के कटिहार प्रबंधक प्रताप ने बताया कि यह सेवा बीते 17 जुलाई से ठप पड़ी थी। सेवा बंद होने के कारण यात्रियों को नावों से जोखिम भरी यात्रा करनी पड़ रही थी। इससे आम लोगों में भय और असुविधा का माहौल बना हुआ था। अब फेरी के पुनः चालू होने से आवागमन सुरक्षित और सुगम हो गया है।
स्थानीय लोगों ने इस सेवा को बहाल करने के लिए साहिबगंज और कटिहार जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। यात्रियों का कहना है कि फेरी सेवा शुरू होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि मनिहारी और साहिबगंज के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। मंगलवार से फेरी सेवा की नई समय सारिणी को भी बहाल कर दिया जाएगा।

0 Response to "17 जुलाई से ठप्प पड़ी साहिबगंज-मनिहारी फेरी सेवा शुरू, यात्रियों और व्यापारियों को मिली राहत"
Post a Comment