झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती पर साहिबगंज ने भी लगाई दौड़
साहिबगंज : झारखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पर साहिबगंज में सोमवार को “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त हेमन्त सती ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में युवा, खेल प्रेमी और आम नागरिक शामिल हुए।
डीसी ने ने इस अवसर पर प्रेस-मीडिया प्रतिनिधियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह दौड़ राज्य की एकता, ऊर्जा और नई उमंग का प्रतीक है। साहिबगंज जिला ने अनेक उपलब्धियाँ हासिल की हैं और अब समय है कि हम सब मिलकर राज्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प लें।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से झारखंड की प्रगति, समृद्धि और गौरव को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य की ताकत उसकी जनता है और जब जनता एकजुट होकर आगे बढ़ती है, तो विकास अपने आप संभव हो जाता है। “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
दौड़ की शुरुआत साक्षरता मोड़ मैदान से हुई और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिद्धो-कान्हु स्टेडियम में समाप्त हुई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और “जोहार झारखंड” के नारों के साथ हुआ। इस अवसर पर जिले के सभी वरीय अधिकारियों की उपस्थिति रही।

0 Response to "झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती पर साहिबगंज ने भी लगाई दौड़"
Post a Comment