झारखंड गठन के 20 साल बाद होटल अशोक पर हुआ झारखंड का पूरा अधिकार
Sahibganj News : झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा स्थित होटल अशोक (अशोक विहार होटल) पर झारखंड सरकार का मालिकाना हक होगा. झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य गठन के 20 साल बाद आखिरकार बिहार से झारखंड का ये अधिकार हासिल कर लिया.
झारखंड सरकार पिछले तीन वर्षों से बंद इस होटल के 51 फीसद शेयर भारत पर्यटन विकास निगम (ITDC) से खरीदेगी. इसे लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में दोनों पक्षों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए. राज्य सरकार 51 फीसद शेयर के बदले में आइटीडीसी को 6 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन के विकास का यह पहला पड़ाव है. इसमें बिहार के भी शेयर खरीदने के लिए वहां की सरकार से बातचीत चल रही है. बता दें कि होटल अशोक का निर्माण संयुक्त बिहार में वर्ष 1985 में हुआ था.
वर्तमान में इसमें 51 फीसद शेयर आइटीडीसी, 36.75 फीसद शेयर बिहार सरकार तथा 12.25 फीसद शेयर झारखंड सरकार का है. आइटीडीसी से 51 फीसद शेयर खरीदने से झारखंड सरकार का शेयर 63.25 फीसद हो जाएगा.
राज्य गठन के पहले आइटीडीसी का 51 प्रतिशत और बिहार का 49 फीसद शेयर इसमें था, लेकिन झारखंड राज्य बनने के बाद बिहार के 49 प्रतिशत शेयर में 12.25 फीसद शेयर झारखंड को दे दिया गया था. जहां यह होटल स्थित है, वह जमीन (2.70 एकड़) झारखंड सरकार की है. वर्तमान में यह जमीन राजधानी रांची के प्राइम लोकेशन पर है और काफी कीमती है.
0 Response to "झारखंड गठन के 20 साल बाद होटल अशोक पर हुआ झारखंड का पूरा अधिकार"
Post a Comment