तालझारी थाना हाजत में हुई मौत : विरोध में थाना परिसर बना जंग का मैदान, बचाव में दागे गए आंसू गैस के गोले Sahibganj News Feb 25, 2022 Edit Sahibganj News : साहिबगंज तालझारी थाना के हाजत में बंद तालझारी थाना क्षेत्र के ही झरना टोला के देबू तुरी पिता गोविंद तुरी की हाजत में रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम की है।शुक्रवार को तालझारी थाना पुलिस व जिरवाबाड़ी थाना पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की निगरानी में कैदी देबू तुरी का पोस्टमार्टम कराया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।जानकारी हो कि देबू तालझारी थाना क्षेत्र के झरना टोला में स्थित होंडा शो रूम में रविवार को हुई लूट के एक मामले में जेल में बंद था। पुलिस ने देबू को पूछताछ के लिए थाना बुलाया था। इधर मृतक की मां ने अपने बेटे की मौत को हत्या बताते हुए केस दर्ज करने की मांग की है।उन्होंने अपने बेटे पर मुंह और नाक दबा कर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। उधर आरक्षी अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने पूरी घटना की गहराई से जांच करने का आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार जेल में बंद देबू तुरी पिता गोविंद तुरी को गुरुवार की शाम सीने में दर्द हुआ था।चार बजे उसे इलाज के लिए तालझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आठ बजे चिकित्सक ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद सदर अस्पताल साहिबगंज में देबू का इलाज कराया जाता, इसके पहले ही रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।बाद में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे मृतक के स्वजनों ने बताया कि घटना की कोई जानकारी प्रशासन द्वारा उन लोगों को नहीं दी गई।परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की पिटाई से ही देबू की मौत हुई है, इसीलिए पूरे मामले की जांच की जाए। मृतक की मां ने एसपी से इस घटना की जांच कराने की मांग की है।दूसरी तरफ देबू की मौत की खबर सुनते ही परिजनों व आक्रोशित स्थानीय लोगों द्वारा मौत के विरोध में आज सुबह शर्मा पुर - महाराजपुर के झरना टोला के समीप रोड जाम कर दिया और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।दोपहर दो बजे देबू की मौत से गुसाई भीड़ ने थाने पर हमला कर दिया और जमकर हंगामा किया। पुलिस को अपने बचाव में आंसू गैस के गोले दागने पड़े। लगभग दो घंटे तक थाना परिसर जंग का मैदान बना रहा। काफी मसक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया।परिजनों ने पुलिस पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई समेत उचित न्याय की गुहार लगाई है। वहीं इस संबंध में पुलिस का कहना है कि होण्डा शो रूम में लूट के मामले में देबू को गिरफ्तार किया गया था, पूछताछ के क्रम में उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई।उसे ईलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इधर आरक्षी अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि इस हंगामे में पुलिस के दो जवान घायल हुए हैं जबकि दर्जन भर ग्रामीणों को चोटें आई है। स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।सुरक्षा बलों के जवान परिसर में कैम्प कर रहे हैं और पुलिस बलों को भेजा जा रहा है। उधर सदर अस्पताल में किसी भी आपातकालीन स्थिति से निबटने के लिए अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है क्योंकि देबू का शव अभी भी अस्पताल में ही है।Connect with Sahibganj News on Telegram and get direct news on your mobile, by clicking on Telegram.Telegram निचे दबा कर 👇 शेयर करना ना भूले
0 Response to "तालझारी थाना हाजत में हुई मौत : विरोध में थाना परिसर बना जंग का मैदान, बचाव में दागे गए आंसू गैस के गोले"
Post a Comment