ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से निकाली गई शोभा यात्रा, त्रिमूर्ति “शिव जयंती महोत्सव“
साहिबगंज : ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की छोटा पाचगढ स्थित ब्रह्मकुमारी सेवा केन्द्र में आयोजित 88वीं त्रिमूर्ति "शिव जयंती महोत्सव“ मनाने के लिए जिले भर के सैकड़ों लोग शनिवार को पधारे थे।
मुख्य समारोह को लेकर इस भवन को विशेष रूप से शिव ध्वज से सजाया गया था। शिव जयंती के उपलक्ष्य में एक शोभा यात्रा भी निकाली गई। यह शोभा यात्रा जिरवाबाड़ी से होते हुए पेट्रोल पंप, टमटम स्टैंड, ग्रीन होटल, स्टेशन तक पहुंचने के बाद पुनः सेवा केंद्र पहुंच कर समाप्त हुई।
"शिव जयंती" महोत्सव में सेवा केन्द्र की संचालिका बिंदु कुमारी ने कहा कि चारों युगों में एक बार ही इस सृष्टि में परमात्मा का अवतरण होता है। जब यह दुनिया पतित और भ्रष्टाचारी बन जाती है और आसुरीयता का बोलबाला हो जाता है, तब ऐसे समय में परमात्मा को इस सृष्टि पर आकर पुन: नई दुनिया की स्थापना का महान कार्य करना पड़ता है।
जब दुनिया भौतिकता की चकाचौंध में इतनी डूब जाती है कि उसके ज्ञान नेत्र बंद हो जाते हैं, सत्य और असत्य का कुछ पता ही नहीं चलता है, तब परमात्मा आकर अपने बच्चों को स्वयं की एवं अपनी पहचान का ज्ञान प्रकाश देते हैं। वहीं, ब्रह्मकुमारी डॉक्टर पूनम कुमारी ने कहा कि इस शोभा यात्रा का संदेश है की ईश्वर एक हैं, सबका मालिक एक है।
सेवा केन्द्र परिसर में ध्वजारोहण के बाद डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने उदगार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय विश्व के कोने–कोने में भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक संदेश देकर मानव का कल्याण करने का अथक प्रयास कर रहा है।
उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा में विभिन्न प्रकार के वेशभूषा एवं बड़े आकार का शिव ज्योतिर्लिंग वाहन पर सजाकर शहर के मुख्य मार्गों से यात्रा कर लोगों को शिव भोलेनाथ परमात्मा का संदेश दिया।
बता दें कि शोभा यात्रा में भजन, नृत्य एवं आकर्षक परिधान ने सबका ध्यान आकृष्ट किया। कार्यक्रम में साहिबगंज सेवा केन्द्र की संचालिका बिंदु बहन ने आगत अतिथियों को सम्मानित कर ईश्वरीय संदेश भेंट किया।
कार्यक्रम में ब्रह्मकुमार ब्रजराज, इन्द्र, डॉक्टर अजय कुमार सिंह, प्रवीण कुमार, राजेश साह, रंजीत केसरी, रविंद्र, ब्रह्मकुमारी शीला, आरती, सुशीला, नीतू बहन आदि दर्जनों लोगों ने भाग लिया।
साहिबगंज से संजय कुमार धीरज
0 Response to "ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से निकाली गई शोभा यात्रा, त्रिमूर्ति “शिव जयंती महोत्सव“"
Post a Comment