अभाविप विद्यार्थी सप्ताह का भव्य समापन: साहिबगंज में 150 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
साहिबगंज: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विद्यार्थी सप्ताह’ का रविवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, साहिबगंज में भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। सप्ताहभर नगर के विभिन्न विद्यालयों में भाषण, चित्रकला, वाद-विवाद, संगीत तथा कला एवं शिल्प (आर्ट्स एंड क्राफ्ट) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन समारोह के दौरान प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ-साथ ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें 150 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं परिषद गीत के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, साहिबगंज विभाग के विभाग प्रचारक श्री अजय जी एवं अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य तथा राजमहल विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक श्री अनंत कुमार ओझा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं अभाविप के प्रदेश छात्रा सह प्रमुख सुश्री निधि सिंह, विभाग संयोजक श्री संजय दत्ता एवं जिला प्रमुख प्रो. चंद्रशेखर परमानिक की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंत्री श्री चंदन कुमार गुप्ता ने की।
मुख्य अतिथि श्री अजय जी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल परीक्षा में सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभाव विकसित करने का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने कहा कि आज देश को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो ज्ञान के साथ संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दें।
उन्होंने बताया कि अभाविप वर्षों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है और विद्यार्थी सप्ताह जैसे आयोजन छात्रों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। मुख्य अतिथि श्री अनंत कुमार ओझा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है,
जिसने अपने 78 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में छात्रहित, शिक्षा सुधार, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि परिषद विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व निर्माण और राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध विकसित करने का कार्य करती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी भविष्य में समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर मंत्री श्री चंदन कुमार गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों का अभूतपूर्व सहयोग और उत्साह प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य ‘ज्ञान, शील और एकता’ के आदर्शों के साथ विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है और भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
समारोह के दौरान प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले 150 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रतिभा सम्मान समारोह के अंतर्गत सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक श्री इंद्रोजीत साह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अविनाश साह, विभाग छात्रा प्रमुख लक्ष्मी कुमारी, जिला कार्यालय मंत्री अंकुश कुमार, नगर उपाध्यक्ष विवेक कुमार, पूर्णब कुमार, अनमोल कुमार, निखिल राज, बादल कुमार, पीयूष कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी एवं परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह का समापन ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ एवं परिषद के उद्घोष के साथ हुआ।
0 Response to "अभाविप विद्यार्थी सप्ताह का भव्य समापन: साहिबगंज में 150 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान"
Post a Comment