CLOSE ADS
CLOSE ADS

अर्शदीप सिंह के अंतिम ओवर पर बने 27 रन भारत पर पड़ा भारी, मिडिल ऑर्डर में विराट कोहली की कमी शिद्दत से खली, 177 कोई मुश्किल टारगेट नहीं था, फिर क्यों हारा भरत? एक विश्लेषण


क्रिकेट

न्यूजीलैंड ने भारत को पहले टी-20 मुकाबले में 21 रनों से हरा दिया है। 

अर्शदीप सिंह के अंतिम ओवर पर बने 27 रन भारत पर पड़ा भारी, मिडिल ऑर्डर में विराट कोहली की कमी शिद्दत से खली, 177 कोई मुश्किल टारगेट नहीं था,  फिर क्यों हारा भरत? एक विश्लेषण



अर्शदीप सिंह के अंतिम ओवर में बने 27 रन भारत पर भारी पड़ गए। रांची में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 176 रन बना दिए। उसकी सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 4 ओवरों में ही 43 रन जोड़ दिए। वाशिंगटन सुंदर के पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर स्लॉग हिटिंग करने की फिराक में फिन एलन एक्रॉस द लाइन खेल गए और बल्ले का अंदरूनी हिस्सा लगकर गेंद हवा में उठ गई।

इसे डीप मिडविकेट पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कर लिया गया। ओवर की अंतिम गेंद पर सुंदर ने चैपमैन को भी कॉट एंड बोल्ड कर दिया। 5 ओवरों की समाप्ति के बाद स्कोरकार्ड हो गया 43 पर 2 आउट। यहां से अगली 47 गेंदों पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 60 रन जोड़ दिए। डेवॉन कॉन्वे और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी लगातार आकर्षक बल्लेबाजी कर रही थी। 

13वें ओवर की अंतिम गेंद पर कुलदीप यादव की गुगली को ग्लेन फिलिप्स पढ़ नहीं पाए और डीप मिडविकेट पर कैच थमा बैठे। उन्होंने 22 गेंदों पर 17 रन बनाए। इसी बीच 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डेवॉन कॉन्वे ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। अर्शदीप सिंह के 18वें ओवर की दूसरी गेंद को डाउन द ग्राउंड खेलने की फिराक में कॉन्वे लॉन्गऑफ पर कैच दे बैठे। ओवर की पांचवीं गेंद पर माइकल ब्रेसवेल भी रन आउट हो गए। 

न्यूजीलैंड का स्कोर हो गया 5 विकेट के नुकसान पर 140 रन। गेंदबाजी ठीक-ठाक लग रही थी लेकिन अर्शदीप सिंह के अंतिम ओवर से कीवी बल्लेबाजों ने 26 रन कूट लिए। इसमें हैट्रिक छक्के और एक चौका शामिल था। ओवर की पहली गेंद फ्रंट फुट नो बॉल थी, जिस पर डेरिल मिचेल ने छक्का जड़ा। फ्री हिट पर भी छक्का आया और अगली गेंद पर भी हैट्रिक छक्का जड़कर मिचेल ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।

177 रनों का टारगेट चेज करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर ईशान किशन माइकल ब्रेसवेल के सामने क्लीन बोल्ड हो गए। ईशान जब 4 के स्कोर पर वापस लौटे, उस वक्त टीम का स्कोर था 10 रन। जैकब डफी के तीसरे ओवर में राहुल त्रिपाठी कुछ डॉट गेंदें खेल गए थे। ऐसे में वह लगातार बड़े शॉट की कोशिश कर रहे थे। 

ज्यादा जोर से मिड ऑन की दिशा में खेलने के चक्कर में बल्ले का किनारा सीधा विकेटकीपर के दस्तानों में चला गया। स्कोर हो गया 11 पर 2। रही सही कसर चौथे ओवर की पहली गेंद पर मिचेल सैंटनर के खिलाफ शुभ्मन गिल के पुल शॉट चूकने के बाद पूरी हो गई। इधर उन्होंने 7 के निजी स्कोर पर मिडविकेट में कैच थमाया और उधर 15 के स्कोर पर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। इसके बाद भारत के लिए अगली 50 गेंदों में 68 रनों की पार्टनरशिप हुई। लगा कि टीम इंडिया जीत के ट्रैक पर लौट आई है।

सूर्यकुमार यादव पूरी तबीयत से कीवी गेंदबाजों की कुटाई कर रहे थे। देखते-देखते उन्होंने 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 47 रन ठोक दिए। तभी 12वें ओवर की चौथी गेंद ईश सोढ़ी ने गुगली डाल दी। सूर्या गेंद को विथ द स्पिन खेलने के लिए चले गए और लॉन्गऑन पर पकड़े गए। भारत को 83 के स्कोर पर चौथा झटका लगा और 89 के स्कोर पर हार्दिक पंड्या भी लौट गए। 

उन्हें माइकल ब्रेसवेल ने कॉट एंड बोल्ड कर दिया। यहां से वाशिंगटन सुंदर ने 28 गेंदों पर 3 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 50 रन ठोक दिए। पर दूसरे छोर पर उनका साथ निभाने वाला कोई बल्लेबाज नहीं था। नतीजा यह हुआ कि 20 ओवरों की समाप्ति के बाद टीम इंडिया 9 विकेट गंवाकर 155 रन ही बना सकी।

इस हार के कई मायने हैं। पहला तो यह कि डेथ ओवर्स में पिटाई टीम इंडिया पर लगातार भारी पड़ रही है। दूसरा यह कि टी-20 इंटरनेशनल के मिडिल ऑर्डर में विराट कोहली की कमी बड़ी शिद्दत से महसूस की जा रही है। 177 कोई मुश्किल टारगेट नहीं था लेकिन मध्यक्रम में कोई बल्लेबाज इनिंग को एंकर नहीं कर सका। अगर विराट होते तो वह शुरू से लेकर अंत तक खेलने का प्रयास करते और टीम इंडिया को लक्ष्य के पास जरूर ले जाते।

Connect with Sahibganj News on Telegram and get direct news on your mobile, by clicking on Telegram.

0 Response to "अर्शदीप सिंह के अंतिम ओवर पर बने 27 रन भारत पर पड़ा भारी, मिडिल ऑर्डर में विराट कोहली की कमी शिद्दत से खली, 177 कोई मुश्किल टारगेट नहीं था, फिर क्यों हारा भरत? एक विश्लेषण"

Post a Comment

साहिबगंज न्यूज़ की खबरें पढ़ने के लिए धन्यवाद, कृप्या निचे अनुभव साझा करें.

Iklan Atas Artikel

Iklan Tengah Artikel 2

Iklan Bawah Artikel