अभाविप झारखंड के 26वें प्रदेश अधिवेशन से संगठन को नई दिशा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) झारखंड का 26वां प्रदेश अधिवेशन गढ़वा में अनुशासन, उत्साह और संगठनात्मक गरिमा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में झारखंड के सभी जिलों से 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की, जबकि साहिबगंज जिले से लगभग 45 कार्यकर्ता एवं छात्र प्रतिनिधि अधिवेशन में शामिल हुए।
प्रदेश अधिवेशन के दौरान छात्रहित, शिक्षा व्यवस्था, सामाजिक दायित्व एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठन को भविष्य की दिशा देने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और निर्णय पारित किए गए।
इसके अतिरिक्त बरहेट के श्री कन्हाई ढोली, बोरियो के श्री अंकित कुमार, राजमहल के श्री अभी यादव, साहिबगंज के श्री अविनाश कुमार एवं राजमहल की कुमारी दिशा हलदार को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में दायित्व प्रदान किया गया।
नव नियुक्त प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक श्री इन्द्रोजीत साह ने अपने वक्तव्य में कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की वैचारिक प्रयोगशाला है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व का निर्वहन वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और तकनीकी दक्षता के साथ करेंगे तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए अभाविप की राष्ट्रवादी विचारधारा को प्रत्येक छात्र तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।
प्रदेश अधिवेशन में नवदायित्व प्राप्त कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ एवं पूर्व कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएँ दीं। पूर्व केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं राजमहल विधानसभा के पूर्व विधायक श्री अनंत कुमार ओझा ने कहा कि नई प्रदेश कार्यकारिणी संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा साहिबगंज-राजमहल क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को मिला दायित्व उनके सतत संगठनात्मक परिश्रम का परिणाम है।
वहीं पूर्व प्रदेश मंत्री श्री धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि यह नई टीम छात्रहित और राष्ट्रहित में संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगी। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री शरवन कुमार रमण ने सभी नवदायित्व प्राप्त कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि अभाविप की वास्तविक शक्ति उसकी अनुशासित कार्यशैली और समर्पित कार्यकर्ता हैं।
अभाविप झारखंड का यह 26वां प्रदेश अधिवेशन संगठन की वैचारिक मजबूती, छात्र शक्ति की एकजुटता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।
0 Response to "अभाविप झारखंड के 26वें प्रदेश अधिवेशन से संगठन को नई दिशा"
Post a Comment