साहिबगंज के रास्ते किसानों के खेतों तक लाई जाएगी गंगा - कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह
ठाकुर गंगटी : बटेश्वर गंगा पंप नहर योजना से कहलगांव के रास्ते यदि किसानों के खेतों तक गंगा का पानी नहीं पहुंचा तो राज्य सरकार साहिबगंज के रास्ते किसानों के खेतों तक लाएगी गंगा। उक्त बातें सूबे के नवनियुक्त कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने अपने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान रविवार को ठाकुर गंगटी के परासी चौक पर पत्रकारों से बातें करती हुई कहीं।
बताते चलें कि बटेश्वर गंगा पंप नहर योजना संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भगवत आजाद का सपना था और उनके इस सपने को अमली जामा पहनाने के लिए तत्कालीन सरकार ने बड़े जोर से इसका काम भी प्रारंभ किया था, लेकिन तभी राजनीतिक परिदृश्य बदला।
भगवत आजाद मुख्यमंत्री नहीं रहे और कांग्रेस की स्थिति इस क्षेत्र में दिनों दिन कमजोर होती चली गई। हालांकि उसके बाद कई बार कांग्रेस के अवध बिहारी सिंह जीते और मंत्री भी बने, लेकिन गंगा पंप नहर योजना आधी–अधूरी स्थिति में मृत प्राय होकर ठंडे बस्ते में चली गई।
अलग झारखंड राज्य निर्माण होने के बाद वर्ष 2009 लोक सभा में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से निशिकांत दुबे के सांसद बनने के बाद पुनः इस बटेश्वर गंगा पंप नहर योजना को बनने की स्थिति बलवती होती देखी गई। क्योंकि अपने चुनावी वादे और घोषणा में सांसद निशिकांत दुबे द्वारा बटेश्वर गंगा पंप नहर योजना को चालू कराना प्राथमिकता से घोषित किया गया था।
उनके द्वारा सरकार से फंड भी उपलब्ध कराई गई। नए संवेदक भी बहाल हो गए और पुनः बटेश्वर गंगा पंप नहर योजना का अधूरा कार्य तेजी से प्रारंभ हुआ। परंतु 15 वर्ष बीत जाने के बाद भी यह बटेश्वर गंगा पंप नहर योजना झारखंड के महागामा विधानसभा अंतर्गत मेहरमा और गंगटी के किसानों के खेतों तक एक बूंद पानी लाने में भी और असफल रहा।
अभी भी इस बटेश्वर गंगा पंप नहर योजना के निर्माण का कार्य जारी है और इसके निर्माण के लिए प्रारंभ में घोषित राशि से लगभग हजार गुना अधिक राशि खर्च किया जा चुका है। समय-समय पर इस योजना को लेकर राजनीति भी होती रही,
चुनावी मुद्दे भी बनाए गए और कई लोगों ने इस योजना को सरकारी राशि के बंदरबांट का एक अच्छा जरिया भी बताया। फिलहाल इसका भविष्य क्या होगा वह तो अधर में है? इस पर कोई भी दावे के साथ नहीं कह सकता कि कल आने वाले समय में यह योजना असफल होगा या किसानों के खेतों तक गंगा जल लाने में समर्थ होगा।
लेकिन एक बार पुनः लोगों की आस जगी है, क्योंकि झारखंड के जिस विधानसभा क्षेत्र में इस बटेश्वर गंगा पंप नहर योजना का सबसे ज्यादा लाभ किसानों को मिलेगा, उस महगामा विधान सभा की विधायक दीपिका पांडे सिंह ने झारखंड राज्य के नए कृषि मंत्री का दायित्व संभाला है।
इसलिए जब रविवार की देर संध्या कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र के ठाकुर गंगटी प्रखंड क्षेत्र के परासी चौक पर पहुंची तो लोगों ने आतिशबाजी करते हुए बुके देकर माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। स्वागत व सम्मान के बाद जब पत्रकारों ने कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह से पूछा की कृषि मंत्री होने के नाते अपने इस पिछड़े क्षेत्र के लिए आपके पास क्या योजनाएं हैं?
तो इसके जवाब में इन्होंने कई बातें कहीं, परंतु जो बातें प्रमुखता से उन्होंने कहा वो ये थी कि यदि बटेश्वर गंगा पंप नहर योजना कहलगांव के रास्ते इस क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचने में सफल नहीं होता है, तो राज्य सरकार साहिबगंज के रास्ते इस क्षेत्र के किसानों के खेतों तक गंगा जल को लाएगी।
By: Sanjay Kumar Dhiraj
0 Response to "साहिबगंज के रास्ते किसानों के खेतों तक लाई जाएगी गंगा - कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह"
Post a Comment