"एक पेड़ मां के नाम" अभियान की हुई शुरुआत
"एक पेड़ मां के नाम" अभियान की हुई शुरुआत, डीसी व डीएफओ ने संयुक्त रूप से किया पौधारोपण
साहिबगंज: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन प्रमंडल, साहिबगंज के तत्वावधान में गंगा विहार पार्क के समीप जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की भी शुरुआत हुई।
अभियान की शुरुआत जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग के द्वारा संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया गया। उपायुक्त ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण के प्रति अपना दायित्व निभाने के साथ – साथ माताओं के प्रति श्रद्धा, समर्पण भाव तथा सजीव श्रद्धांजलि दर्शाने की एक अनूठी पहल भी है।
उपायुक्त ने स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधे हमें शुद्ध हवा–पानी देते हैं तथा पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए भी वृक्ष महत्वपूर्ण हैं, इसीलिए हम सभी को अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए, साथ ही पौधों का संरक्षण भी करना चाहिए।
उन्होंने जिलेवासियों से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। वहीं, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने जिला भर में वृह्द पौधारोपड़ अभियान चलाने पर बल दिया। कार्यक्रम में वरीय अधिकारियों व स्कूली बच्चों की सहभागिता रही।
0 Response to ""एक पेड़ मां के नाम" अभियान की हुई शुरुआत"
Post a Comment