बाढ़ से बेहाल बरहरवा: उपायुक्त हेमन्त सती ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण


बाढ़ से बेहाल बरहरवा: विधायक निसात आलम के निर्देश पर उपायुक्त हेमन्त सती ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

बाढ़ से बेहाल बरहरवा: विधायक निसात आलम के निर्देश पर उपायुक्त हेमन्त सती ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

बरहरवा (साहिबगंज) : लगातार भारी बारिश और गंगा नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि के चलते बरहरवा प्रखंड के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम के निर्देश पर साहिबगंज के उपायुक्त हेमन्त सती ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का सघन निरीक्षण किया।

नक्सीमल, चांदघाट, बिनोदपुर समेत कई गांवों का लिया गया जायजा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नक्सीमल, चांदघाट, बिनोदपुर समेत कई बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और वहां की वास्तविक स्थिति को परखा। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं प्रत्यक्ष रूप से सुनीं और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

त्वरित राहत कार्यों के दिए निर्देश

उपायुक्त हेमन्त सती ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता है कि प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और उन्हें भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा तथा राहत शिविरों की व्यवस्था तत्काल मुहैया कराई जाए।

जल निकासी व स्वच्छता पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जलजमाव और गंदगी से उत्पन्न संभावित बीमारियों से बचाव के लिए तेजी से जल निकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस संकट की घड़ी में प्रशासन की भूमिका मानवीय संवेदना के साथ होनी चाहिए।

विशेष टीम करेगी नुकसान का आकलन

प्रशासन द्वारा बाढ़ से हुए वास्तविक नुकसान के आकलन के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम प्रभावित परिवारों की स्थिति का सर्वेक्षण कर मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करेगी, जिससे पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके।

जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

इस निरीक्षण दौरे के दौरान कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास, अंचल अधिकारी रामजी वर्मा, विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजित टुडू और जिला सोशल मीडिया प्रभारी नेहाल अख्तर प्रमुख रूप से शामिल थे।

ग्रामीणों ने विधायक निसात आलम का जताया आभार

बाढ़ से जूझ रहे ग्रामीणों ने विधायक निसात आलम के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी तत्परता और संवेदनशीलता के कारण ही प्रशासन ने शीघ्र कदम उठाए हैं। इससे राहत कार्यों में तेजी आई है और लोगों को तत्काल सहायता मिलनी शुरू हो गई है


रिपोर्ट: अनूप साह | साहिबगंज न्यूज डेस्क

0 Response to "बाढ़ से बेहाल बरहरवा: उपायुक्त हेमन्त सती ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण"

Post a Comment

साहिबगंज न्यूज़ की खबरें पढ़ने के लिए धन्यवाद, कृप्या निचे अनुभव साझा करें.

Iklan Atas Artikel

Iklan Tengah Artikel 2

Iklan Bawah Artikel