परसुडीह दुष्कर्म पीड़िता से मिलीं विधायक पूर्णिमा साहू
परसुडीह दुष्कर्म पीड़िता से मिलीं विधायक पूर्णिमा साहू, पुलिस की निष्क्रियता पर जताई नाराजगी
जमशेदपुर: परसुडीह क्षेत्र में पाँच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सदर अस्पताल पहुंचीं और पीड़िता व उनके परिजनों से मिलकर हालचाल जाना।
इस दौरान विधायक ने सिविल सर्जन से मुलाकात कर बच्ची के बेहतर इलाज, सुरक्षा और मानसिक काउंसलिंग की तत्काल व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने इस जघन्य अपराध को मानवता के लिए कलंक बताते हुए कहा कि पाँच साल की बच्ची के साथ ऐसा कृत्य होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रशासन के रवैये पर चिंता
विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि:
“जब तक बच्ची पूरी तरह से ठीक नहीं हो जाती और परिजन संतुष्ट नहीं होते, तब तक उसे अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा। अस्पताल में ही उसकी मानसिक काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है।”
दबाव के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
उन्होंने बताया कि घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के दबाव में ही पुलिस हरकत में आई। शुक्रवार को हुई इस घटना का मामला रविवार रात को दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
विधायक पूर्णिमा साहू ने जिला प्रशासन से मांग की कि इस मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो और दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा मिले।
0 Response to "परसुडीह दुष्कर्म पीड़िता से मिलीं विधायक पूर्णिमा साहू"
Post a Comment