गोड्डा पुलिस मुठभेड़ में ईसीएल गोलीकांड का आरोपी सूर्या हांसदा ढेर, एसपी ने की पुष्टि
साहिबगंज: झारखंड के गोड्डा जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान ईसीएल परियोजना गोलीकांड के आरोपी और पूर्व भाजपा नेता सूर्या हांसदा की मौत हो गई। गोड्डा आरक्षी अधीक्षक (एसपी) मुकेश प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ बोआरीजोर थाना क्षेत्र के जिरली समरी पहाड़ में हुई। फिलहाल मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं और वहां आम लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है।
बताया जाता है कि बीते रविवार को सूर्या हांसदा की गिरफ्तारी की जानकारी उनकी पत्नी सुशीला ने दी थी। उन्होंने पति की जान को खतरे की आशंका भी व्यक्त की थी। ललमटिया थाना क्षेत्र के डकैता गांव निवासी सूर्या हांसदा भाजपा के प्रभावशाली नेताओं में से एक रहे हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में बोरियो सीट से टिकट न मिलने पर उन्होंने जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम से चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
सूर्या हांसदा के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। हाल ही में ईसीएल की राजमहल परियोजना के पहाड़पुर क्षेत्र में हुए गोलीकांड में उनकी संलिप्तता सामने आई थी। इसके अलावा, साहिबगंज के क्रशर मिल में डंपर और ट्रकों को जलाने के मामले में भी उनका नाम जुड़ा था। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से छापेमारी कर रही थी।
एसपी मुकेश प्रसाद ने बताया कि सूर्या हांसदा की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी, जिसके दौरान हुई मुठभेड़ में वह मारा गया।
0 Response to "गोड्डा पुलिस मुठभेड़ में ईसीएल गोलीकांड का आरोपी सूर्या हांसदा ढेर, एसपी ने की पुष्टि"
Post a Comment