साहिबगंज में सड़क जाम और दुर्घटनाओं से बढ़ी लोगों की परेशानी
अतिक्रमण और प्रशासनिक लापरवाही से बिगड़ा ट्रैफिक, साहिबगंज में सड़क जाम और दुर्घटनाओं से बढ़ी लोगों की परेशानी
साहिबगंज : यातायात की बिगड़ती स्थिति, अतिक्रमण और जिला प्रशासन की लापरवाही शहर में सड़क दुघर्टना का मुख्य कारण बन रही है। नगर परिषद क्षेत्र से गुजर रही एन एच- 80 के पटेल चौक, स्टेशन चौक, बाटा रोड, ग्रीन होटल के पास, पश्चिमी फाटक से जिरवाबाड़ी पेट्रोल पंप के समीप एवं साक्षरता मोड के दोनों तरफ अतिक्रमण की वजह से जाम होता है और सड़क दुघर्टना का मुख्य कारण भी यही है।
जबकि इस मामले में प्रशासन लापरवाह साबित हो रहा है। सड़क जाम के कारण रोजाना घंटो लोग इसमें फंसे रहते हैं। यह समस्या आज की नहीं बल्कि वर्षों से बनी हुई है। जनता प्रशासन से सवाल पूछती है की बार-बार अतिक्रमण हटाने की योजना ठंडे बस्ते में क्यों डाल दी जाती है?
शहर की मुख्य सड़कें अतिक्रमण की वजह से ग्रामीण सड़क क्यों बन गई है? जबकि इन सभी सड़कों पर हर समय बड़े पैमाने पर आवागमन होता रहता है। अतिक्रमण की वजह से प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है, जिसमें लोगों की जान भी चली जा रही है।
महावीर चौक पर तो सालों भर नाले का पानी लगा रहता है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। वहीं घाट रोड पर मुख्य सड़क का नाला का ढक्कन टूटा पड़ा हुआ है, जिसमें प्रतिदिन पैदल और बाइक चालक गिरकर घायल हो जाते हैं।
सबसे बड़ी दुर्घटना का केन्द्र मदनशाही की सड़क है, जिसमें दोनों ही दिशाओं की तरफ बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। जिससे बराबर दुर्घटना होती रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद और जिला प्रशासन इस दिशा में पहल करते हुए उक्त समस्या से निजात दिलाए, ताकि शहर वासियों को राहत मिल सके।

0 Response to "साहिबगंज में सड़क जाम और दुर्घटनाओं से बढ़ी लोगों की परेशानी"
Post a Comment