महिलाओं व किशोरियों को सशक्त बना रहा जिला प्रशासन, "SANKALP:HEW" अभियान की शुरूआत
साहिबगंज : जिला प्रशासन ने महिलाओं और किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए "SANKALP: HEW" नामक एक विशेष जिलाव्यापी जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को कानूनी अधिकार, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है।
इस अभियान में आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और समुदायों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा नवयुवतियों व महिलाओं को पॉक्सो अधिनियम, माहवारी स्वच्छता, प्रजनन क्षमता विकास, भ्रुण हत्या निषेध, समानता का अधिकार, पोषण एवं स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जानकारी दी जा रही है।
साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है। विशेषज्ञ टीमें महिला उत्पीड़न रोकथाम, बाल विवाह निषेध, पोषण सुधार और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दे रही हैं।
इस कार्यक्रम से महिलाएं और किशोरियां अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनेंगी। महिलाओं का कहना है कि यह अभियान महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा उठाया गया ठोस कदम है।

0 Response to "महिलाओं व किशोरियों को सशक्त बना रहा जिला प्रशासन, "SANKALP:HEW" अभियान की शुरूआत"
Post a Comment