धूम-धाम से मनाया गया "राष्ट्रीय एकता दिवस", देशभक्ति और एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा मॉडल कॉलेज


धूम-धाम से मनाया गया "राष्ट्रीय एकता दिवस", देशभक्ति और एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा मॉडल कॉलेज

साहिबगंज : मॉडल कॉलेज राजमहल में राष्ट्रीय सेवा योजना के दोनों इकाईयों की ओर से "राष्ट्रीय एकता दिवस" का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात प्रथम सेमेस्टर की छात्रा प्रीति कुमारी ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

छात्र अर्जुन कुमार ने सरदार पटेल द्वारा देश की रियासतों के एकीकरण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका पर अपने विचार रखे। छात्रा शिफा बतूल ने सरदार पटेल के जीवन पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की, वहीं छात्र मोहम्मद अशरफ ने “लौह पुरुष” और “सरदार” की उपाधियों के पीछे के कारणों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।

प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि “एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। जब समाज के हर क्षेत्र में एकता स्थापित होती है, तभी समरसता और प्रगति संभव होती है।” उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के सपने को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

इसके पूर्व डॉ. रणजीत ने महान स्वतंत्रता सेनानी, आधुनिक भारत के शिल्पकार एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन, त्याग और नेतृत्व हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम के उपरांत NSS के स्वयंसेवकों द्वारा एकता मार्च का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर से लेकर पास के ग्राम रामपुरा तक मार्च निकाला और “एकता में शक्ति है”, “हम सब एक हैं”, “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” जैसे नारे लगाकर लोगों में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रमजान अली ने किया। इस अवसर पर डॉ. अमित कुमार, डॉ. विवेक कुमार महतो, अजय सोनी, अंकिता सिंह सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति और एकता की भावना गूंज उठी। पूरा कार्यक्रम देशभक्ति, समरसता और एकता के संदेश से ओतप्रोत रहा।


रिपोर्ट: संजय कुमार धीरज | साहिबगंज न्यूज डेस्क

0 Response to "धूम-धाम से मनाया गया "राष्ट्रीय एकता दिवस", देशभक्ति और एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा मॉडल कॉलेज"

Post a Comment

साहिबगंज न्यूज़ की खबरें पढ़ने के लिए धन्यवाद, कृप्या निचे अनुभव साझा करें.

Iklan Atas Artikel

Iklan Tengah Artikel 2

Iklan Bawah Artikel