अक्षय नवमी पर महिलाओं ने की आंवला वृक्ष की पूजा, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की
साहिबगंज: सदर प्रखंड के विभिन्न गांवों में अक्षय नवमी के अवसर पर आंवला वृक्ष की पूजा की गई। सुबह से शाम तक महिलाओं ने आंवला वृक्ष के नीचे पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने आंवला वृक्ष की जड़ में जल अर्पित किया और दीप जलाकर परिक्रमा की।
इसके बाद पेड़ के नीचे बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। सकरीगली बगीचा में आंवला पेड़ के नीचे पूजा करा रहे पंडित मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि आंवला की जड़ में भगवान कृष्ण और विष्णु का वास होता है। उल्लेखनीय है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की अक्षय नवमी के दिन आंवला वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व है।
इस दिन महिलाएं अपने पुत्र, लक्ष्मी और पति की आयु वृद्धि के लिए पूजा करती हैं। इसके अलावा, इस अवसर पर कुष्मांड (भतूआ) का दान भी किया जाता है, जिससे यमलोक में न जाकर बैकुंठलोक में जाने का मार्ग प्रशस्त होता है। मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और आंवला वृक्ष की पूजा में भाग लिया।

0 Response to "अक्षय नवमी पर महिलाओं ने की आंवला वृक्ष की पूजा, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की"
Post a Comment