ठंड ने पकड़ी रफ्तार, शीतलहर का बढ़ा कहर
साहिबगंज : जिले में ठंड ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह में शीतलहर तेज हो गई है, जिसके कारण कई प्रखंडों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय जेट स्ट्रीम की वजह से मैदानी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। वहीं कोहरे की घनी धुंध के कारण दृश्यता घटने लगी है, जिससे आम जन-जीवन प्रभावित होने लगा है।
भारतीय मौसम विभाग ने बोरियो, बरहेट समेत आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में 11 से 13 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। बढ़ती नमी और गिरते तापमान को देखते हुए देर रात और सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना जताई गई है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
कोहरे और शीतल हवा ने लोगों की दिनचर्या पर असर डाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। रात और सुबह की ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरन का अहसास और अधिक बढ़ा दिया है।

0 Response to "ठंड ने पकड़ी रफ्तार, शीतलहर का बढ़ा कहर"
Post a Comment