साहिबगंज के नए सिविल सर्जन डॉक्टर रामदेव पासवान ने ग्रहण किया पदभार : 24 घंटे उपलब्ध रहने का वादा किया
साहिबगंज :-- जिला सिविल सर्जन के पद पर पिछले दिनों डॉक्टर रामदेव पासवन ने अपना पदभार ग्रहण किया। सिविल सर्जन कार्यालय के कर्मचारियों ने नए सिविल सर्जन को फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इधर पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवन ने कहा कि साहिबगंज में स्वास्थ्य सेवा आम लोगों तक पहुंचाना ही उनकी इकलौती प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जननी शिशु सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव समेत अन्य जरूरी योजनाओं में तेजी लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभाग में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा। यहां आने वाले हर आम व्यक्ति की समस्या सुनी जाएंगी। सीएस ने कहा कि जनता के लिए वह 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा साहिबगंज सदर अस्पताल में भी स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं आम लोगों को दी जाएंगी।
इस मौके पर डीपीएम अनिमा किस्कू, डॉ. राजेश कुमार, डीडीएम हेड क्लर्क अश्विनी कुमार, क्लर्क दिलीप कुमार सिंह, डब्लूएचओ कम्प्यूटर ऑपरेटर नीरज तिवारी, डीपीसी साहिबगंज अनिल ठाकुर, चपरासी संजय राय, मंटू कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह पहले ही स्वास्थ्य विभाग ने 11 सिविल सर्जन समेत 325 चिकित्सकों का तबादला किया है। पाकुड़ के सिविल सर्जन रहे डॉ. रामदेव पासवान को साहिबगंज की बागडोर सौंपी गई, जबकि साहिबगंज के सिविल सर्जन रहे डॉ अरविंद कुमार को पाकुड़ के एसीएमओ पद की जिम्मेवारी दी गई है।
0 Response to " साहिबगंज के नए सिविल सर्जन डॉक्टर रामदेव पासवान ने ग्रहण किया पदभार : 24 घंटे उपलब्ध रहने का वादा किया"
Post a Comment