साहिबगंज में विज्ञान एवम सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का किया गया आयोजन
साहिबगंज :- जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, डायट, बरहेट, साहिबगंज के तत्वाधान में अनुमंडलीय पुस्तकालय में विज्ञान एवं समाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनी की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधीक्षक सह प्राचार्य, डायट, राजेश कुमार पासवान ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिला समाहर्ता डॉक्टर विनय कुमार मिश्रा एवम विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा मौजूद थे।
प्रदर्शनी में आए लोगों को संबोधित करते हुए डॉक्टर रणजीत सिंह ने कहा कि बच्चों में खोजी प्रवृत्ति, विज्ञान परक जिज्ञासा एवं रचनात्मक गतिविधियों के विकास एवं विस्तार के लिए हर गांव - मुहल्लों में जन विज्ञान केन्द्र बनाए जाने चाहिए, तभी जनजन तक विज्ञान पहुंचेगी और समाज में वैज्ञानिक चेतना फैलेगी।
इसके पूर्व मुख्य अतिथि, जिला अपर समाहर्ता, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी व अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ व शॉल देकर किया गया।
तत्पश्चात आगंतुक अतिथियों का पोखरिया प्लस टू आदर्श कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं ने संगीत शिक्षिका संध्या किरण के मार्गदर्शन में स्वागत गान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में जिला अपर समाहर्ता डॉक्टर विनय कुमार मिश्रा ने कहा कि हमें अंधविश्वास मुक्त, तर्कशील, विज्ञान सम्मत समाज व देश के निर्माण के लिए साइंस/ क्रिएटिव एक्टिविटी को सतत आगे बढ़ाते रहना चाहिए, खुद वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर, समाज में वैज्ञानिक चेतना फैलानी चाहिए। साथ ही हमें संवैधानिक दायित्व भी निभाना चाहिए।
वहीं विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा ने कहा की देश के महान वैज्ञानिक, सर जे सी बोस के सपनों एवं कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए हमें प्रकृति,पर्यावरण संरक्षण एवं लोगों में वैज्ञानिक चेतना के विकास और विस्तार के लिए संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि हम अंधश्रद्धा, अंधआस्था, अंधविश्वास को नहीं, बल्कि भारत की तर्कशील और चिंतन परम्परा को आगे बढ़ाएं। हम विवेकवान, तर्कशील एवं पुरुषार्थी बनें, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाएं तथा समाज, देश, दुनिया में वैज्ञानिक चेतना फैलाएं।
विज्ञान प्रदर्शनी के निर्णायक मंडली में डॉ. रणजीत कुमार सिंह, डॉ. मीरा चौधरी एवं सामाजिक विज्ञान में डॉ. राजीव कुमार सिंह एवं डॉ. संतोष कुमार चौधरी शामिल थे। विज्ञान में प्रथम स्थान पर +टू उच्च विद्यालय कोदरजन्ना, द्वितीय स्थान पर यमुनादास चौधरी बालिका उच्च विद्यालय एवं तृतीय स्थान पर +टू बीडी हाई स्कूल सकरीगली एवं सामाजिक विज्ञान में प्रथम स्थान पर +टू आदर्श कन्या उत्क्रमित उच्च विद्यालय पोखरिया, द्वितीय स्थान पर जमुनादास चौधरी बालिका उच्च विद्यालय एवं तृतीय स्थान पर +टू बीडी हाई स्कूल सकरीगली के बच्चे रहे।
विजयी प्रतिभागियों के बीच ट्रॉफी, मैडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में डाइट के व्याख्याता हीरा, सरिता टुडू, ओमकारेश कुमार, मोहम्मद शमशाद आलम, मोहम्मद नसीम अहमद ने महती भूमिका अदा की, वहीं मंच संचालन का कार्य डॉ. मनोज कुमार यादव ने संभाला।
मौके पर शिक्षिका आरती कुमारी, रेनू कुमारी, प्रीति कुमारी एवं शिक्षक मनोहर शर्मा शुभाशीष, प्रभात कुमार सिंह, दिवाकर सिंह, अनुज कुमार सिंह, राजू झा, रामरणवीर झा आदि उपस्थित थे।
Connect with Sahibganj News on Telegram and get direct news on your mobile, by clicking on Telegram.
0 Response to "साहिबगंज में विज्ञान एवम सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का किया गया आयोजन"
Post a Comment