ब्रेकिंग, कान्हा की नगरी में क्रिकेटर विराट और अनुष्का : नीम करोली बाबा की कुटिया में भारतीय बल्लेबाज ने लगाया ध्यान
मथुरा : कान्हा की नगरी वृंदावन में बुधवार की सुबह भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ पहुंचे।
विराट और अनुष्का ने बाबा नीम करोली की समाधि स्थल के दर्शन किए और आश्रम में लगभग एक घंटे तक रुके। दोनों ने बाबा नीम करोली का आशीर्वाद लिया। समाधि स्थल के दर्शन के बाद कुटी में ध्यानमग्न भी हुए।
विराट ने अपने चाहने वालों को ऑटोग्राफ दिया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद विराट और अनुष्का मां आनंदमयी आश्रम रवाना हो गए। उनका कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। आनंदमयी आश्रम में मीडिया को प्रवेश नहीं दिया गया।
तीन घंटे पहले ही पहुंचे थे दोनों
बता दें कि भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का बुधवार दोपहर वृंदावन आने का कार्यक्रम था, लेकिन तय समय से लगभग तीन घण्टे पहले ही विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंच गए। दोनों सबसे पहले परिक्रमा मार्ग स्थित बाबा नीम करोली आश्रम पहुंचे।
यहां हनुमान जी महाराज और बाबा नीम करोली महाराज के समाधि स्थल के दर्शन किए। बाबा महाराज की कुटिया में पहुंचकर ध्यान लगाया। बाबा नीम करोली आश्रम में विराट और अनुष्का को प्रसाद के रूप में कंबल भेंट किया गया। दोनों ने बाल भोग का प्रसाद भी ग्रहण किया। आश्रम में विराट कोहली ने अपने एक प्रशंसक को बैट पर ऑटोग्राफ भी दिया।
आश्रम में दर्शन करने के बाद विराट और अनुष्का होटल निधिवन सरोवर पोर्टिको पहुंचे। जहां विश्राम के बाद शाम को ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करने का कार्यक्रम तय है। कार्यक्रम इतना गोपनीय रहा कि किसी को भनक तक नहीं लगी।
बाबा नीम करोली में है अगाध श्रद्धा
बताते चलें कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की बाबा नीम करोली महाराज में काफी श्रद्धा है। नवंबर 2022 में विराट और अनुष्का ने उत्तराखंड के कुमाऊं स्थित कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन किए थे। बाबा नीम करोली महाराज को भक्त हनुमान जी का अवतार मनाते हैं और देश - विदेश से हजारों भक्त उनकी समाधि स्थल के दर्शन करने आते हैं।
Connect with Sahibganj News on Telegram and get direct news on your mobile, by clicking on Telegram.
0 Response to " ब्रेकिंग, कान्हा की नगरी में क्रिकेटर विराट और अनुष्का : नीम करोली बाबा की कुटिया में भारतीय बल्लेबाज ने लगाया ध्यान"
Post a Comment