ऑटो व ई-रिक्शा चालक सावधान, बिना निबंधन अब नहीं चलेगा कोई वाहन
साहिबगंज : जिले में अब बिना निबंधन ऑटो तथा टोटो (ई- रिक्शा) नहीं चलेगा। शहर में ऑटो और टोटो की बढ़ रही संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिले में वर्तमान में 16 हजार से अधिक ऑटो व टोटो का परिचालन किया जा रहा है।
इनमें अधिकांश का निबंधन परिवहन विभाग में नहीं है। अधिकतर टोटो चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। अधिकतर वाहनों का परिचालन नाबालिग बच्चों और अधिक उम्र के लोगों द्वारा किया जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहतीं हैं।
शहर में अक्सर इस वजह से जाम भी लग जाता है। शहर की सड़कें वैसे भी काफी संकरी हैं, जिसमें जहां-तहां वाहन लगा देने से अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। जहां-तहां वाहन लगाने से मना करने पर ऑटो और टोटो चालक मारपीट पर भी उतारू हो जाते हैं।
इसे देखते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी ने सभी वाहनों का निबंधन परिवहन विभाग में कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही सभी चालकों को लाइसेंस भी बनवा लेने को कहा गया है। परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि ऑटो-टोटो चालकों को अपने
वाहनों का निबंधन कराने तथा ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अगस्त तक का समय दिया गया था। अब प्रखंड स्तर पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बिना निबंधन और ड्राइविंग लाइसेंस के पकड़े जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिना लाइसेंस टोटो चलाने पर भी कानूनन कार्रवाई की जाएगी।

0 Response to "ऑटो व ई-रिक्शा चालक सावधान, बिना निबंधन अब नहीं चलेगा कोई वाहन"
Post a Comment