साहिबगंज स्टेशन पर 6 माह से लिफ्ट और पैदल पुल बंद, अमृत भारत योजना की धीमी रफ्तार से यात्री परेशान
साहिबगंज : मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत आधुनिक स्वरूप देने का काम बीते दो वर्षों से जारी है। योजना के फेज-2 में प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो पर एस्केलेटर, लिफ्ट समेत कई यात्री सुविधाओं का निर्माण होना है, लेकिन धीमी रफ्तार से चल रहे कार्य ने यात्रियों के लिए भारी परेशानी खड़ी कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पिछले छह माह से पैदल पुल का इस्तेमाल पूरी तरह बंद है। रेलवे ने प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के बीच लिफ्ट की व्यवस्था की है, लेकिन पूरब दिशा की लिफ्ट आए दिन खराब रहती है। प्लेटफॉर्म संख्या दो पर जाने के लिए इस दिशा की सीढ़ियों को भी बंद कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में भारी कठिनाई हो रही है।
यात्रियों का कहना है कि सबसे ज्यादा समस्या तब होती है, जब प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन से ट्रेन पकड़नी होती है। लिफ्ट खराब होने पर लोग मजबूरन रेलवे ट्रैक पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाते हैं। कई बार मेल लाइन में मालगाड़ी खड़ी रहने से स्थिति और खतरनाक हो जाती है।
यात्रियों का कहना है कि यह स्थिति उनकी जान के लिए गंभीर खतरा है और कई बार ट्रेन छूट जाने से आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। हाल ही में मालदा रेल मंडल प्रबंधन ने स्टेशन का निरीक्षण किया था। वरीय अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी से पैदल पुल को शीघ्र चालू करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से यात्री निराश हैं।
उल्लेखनीय है कि साहिबगंज रेलवे स्टेशन से दोनों ही दिशाओं में रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं। इनमें छात्र-छात्राएं, नौकरी पेशा लोग, मरीज और व्यवसायी शामिल हैं। ऐसे में अधूरी सुविधाएं और खराब लिफ्ट न केवल असुविधा पैदा कर रही है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी दांव पर है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और मंत्रालय से मांग की है कि अधूरे कार्यों को प्राथमिकता देकर यथाशीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही पैदल पुल को अविलंब चालू कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

0 Response to "साहिबगंज स्टेशन पर 6 माह से लिफ्ट और पैदल पुल बंद, अमृत भारत योजना की धीमी रफ्तार से यात्री परेशान"
Post a Comment