साहिबगंज में कल से लागू होगी स्मार्ट पीडीएस योजना, रियल-टाइम निगरानी से बढ़ेगी पारदर्शिता
साहिबगंज : झारखंड सहित साहिबगंज में भी स्मार्ट सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) योजना 1 सितंबर 2025 से लागू हो रही है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना है। इस नए योजना के तहत जब भी लाभुक राशन का उठाव करेंगे, तो इसकी सूचना राज्य और केंद्र सरकार दोनों को तुरंत मिल जाएगी। इससे डीलरों की मनमानी पर रोक लगेगी और अनाज वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी।
इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा ने बताया कि अनाज वितरण और परिवहन की जानकारी राज्य सरकार के साथ ही केंद्र सरकार को रियल-टाइम मिलेगी। इससे अनाज वितरण और परिवहन में पूरी पारदर्शिता बनी रहेगी।
डीलरों की मनमानी पर रोक लगेगी, क्योंकि सरकार को पता रहेगा कि कितने लाभुकों को कितनी मात्रा में अनाज कब और किस दिन मिला है। लाभुकों को सुचारु रूप से राशन मिलेगा और उन्हें लंबी लाइनों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2025 में झारखंड के 6 जिलों (खूंटी, चतरा, गुमला, कोडरमा, लातेहार व सिमडेगा) में पायलट प्रोजेक्ट के तहत स्मार्ट पीडीएस योजना शुरू की गई थी। अब इस योजना को साहिबगंज सहित पूरे झारखंड में लागू किया जा रहा है, जिसमें संताल परगना के सभी जिले शामिल हैं।
आंकड़ों के अनुसार, जामताड़ा जिले में सबसे कम 634 डीलर हैं, जबकि दुमका जिले में सबसे अधिक 1,049 डीलर हैं। वहीं पूरे संताल परगना की बात करें तो कुल 5,458 डीलर हैं, जो 12,97,217 पीएच एवं एएवाई राशन कार्डधारियों को राशन वितरित करते हैं।
क्या कहते हैं जिला आपूर्ति पदाधिकारी
साहिबगंज जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा ने बताया कि एक सितंबर से स्मार्ट पीडीएस योजना के लागू हो जाने से हमारी जन वितरण प्रणाली की दुकानें हाइटेक हो जाएंगी। वहां से जैसे ही लाभुक अपने अनाज का उठाव करेंगे, इसकी सूचना राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार को भी चली जाएगी। इससे इस योजना में पारदर्शिता आएगी।

0 Response to "साहिबगंज में कल से लागू होगी स्मार्ट पीडीएस योजना, रियल-टाइम निगरानी से बढ़ेगी पारदर्शिता"
Post a Comment