बरहेट में बृहद स्तर पर लगा जनता दरबार, हुआ 60 लाख रुपए की परिसंपत्ति का वितरण
साहिबगंज: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। छठ पर्व के बाद हर पंचायत में जनता दरबार लगेगा। उपरोक्त बातें जिले के बरहेट प्रखंड में आयोजित जनता दरबार में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता सह सचिव पंकज मिश्रा ने कही।
वहीं, जनता दरबार में अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुनने और समाधान करने का आश्वासन दिया। मौके पर कई लोगों को विभिन्न योजनाओं के तहत परिसंपति का वितरण भी किया गया। पंकज मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के हर व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे रहे हैं।
अगर कोई व्यक्ति वंचित है तो वह प्रशासन को अवगत कराए, उसकी समस्या का समाधान होगा। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने कहा कि सरकार आपके साथ है। सभी को न्याय मिलेगा और पुलिस प्रशासन हमेशा आपके सहयोग के लिए है।
उन्होंने कहा कि कुछ कार्यों में तकनीकी समस्या होने से विलंब होता है पर प्रशासन हमेशा न्याय दिलाने के लिए कृत संकल्पित है। इससे पूर्व अतिथियों ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेंब्रम, झामुमो युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय गोस्वामी,
बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, प्रखंड विकास पदाधिकारी अंशु कुमार पांडे, बरहेट थाना प्रभारी पवन कुमार, बीईईओ तरुण कुमार घाटी, जिला प्रवक्ता राजाराम मरांडी, प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान, वरीय नेता प्रो. नजरूल इस्लाम, मो. एजाज, छवि हेंब्रम, जिला परिषद सदस्य जेठा मुर्मू आदि उपस्थित रहे।
जनता दरबार में लोगों ने आवास, पेंशन, जमीन विवाद, मंईयां सम्मान योजना सहित अन्य योजनाओं के संबंध में आवेदन दिया। चयनित सेविका व सहायिका को नियुक्ति पत्र दिया गया। जेएसएलपीएस की महिलाओं की 124 समूह के बीच 60 लाख रुपये की परिसंपत्ति का वितरण किया गया।
0 Response to "बरहेट में बृहद स्तर पर लगा जनता दरबार, हुआ 60 लाख रुपए की परिसंपत्ति का वितरण"
Post a Comment