साहिबगंज में धूम-धाम से निकली ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस, हरे झंडे और रोशनियों से सजी गलियां
साहिबगंज : शहर में शुक्रवार को ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस बड़े ही धूम-धाम और श्रद्धा के साथ निकाला गया। सुबह से ही शहर भर में रौनक का माहौल था और घर-घर में रोशनी की सजावटें थी। ईद-ए-मिलादुन्नबी के दिन चादरपोशी की तैयारी की गई व मुस्लिम समाज के लोग सफेद और हरे झंडों के साथ कतारबद्ध होकर नबी-ए-पाक की याद में नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
बच्चे, युवक और बुजुर्ग सभी इस जुलूस में शरीक हुए। जगह-जगह पर जुलूस का स्वागत किया गया। कहीं शर्बत, तो कहीं मिठाई और पानी की व्यवस्था की गई थी। जुलूस अंजुमन नगर से निकलकर एल.सी. रोड व मुख्य मार्गों से होते हुए मस्जिद तक पहुंचा। डीजे और नात-ए-शरीफ की गूंज से पूरा वातावरण गूंज उठा।
हरे झंडों और रोशनियों से सजी गलियां किसी बारात की तरह नजर आ रही थीं। कई स्थानों पर बच्चों ने छोटे-छोटे झंडे लहराकर जुलूस का स्वागत किया। गांव-गांव से लोग इस जुलूस को देखने और इसमें शामिल होने के लिए उमड़ पड़े।
जुलूस के दौरान अमन और भाईचारे का खास संदेश दिया गया। आयोजकों ने सभी से आपसी मेलजोल और शांति बनाए रखने की अपील की। वापस अंजुमन नगर के मस्जिद पहुंचकर जुलूस का समापन हुआ, जहां कुरानखानी और सलातो-सलाम पढ़ा गया। दुआओं के साथ लोगों ने मुल्क और कौम की खुशहाली की प्रार्थना की।
ईद-ए-मिलादुन्नबी का यह जुलूस न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी अद्भुत उदाहरण पेश किया। यह जुलूस लोगों की आस्था, उत्साह और आपसी मोहब्बत को हमेशा याद दिलाता रहेगा।

0 Response to "साहिबगंज में धूम-धाम से निकली ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस, हरे झंडे और रोशनियों से सजी गलियां"
Post a Comment