पर्दाफाश: साहिबगंज में ANM, महिला होमगार्ड और सहिया उठा रहीं थीं मंईयां सम्मान योजना का लाभ
पर्दाफाश: साहिबगंज में 13 एएनएम, 18 महिला होमगार्ड व 685 सहिया ले रहीं मंईयां सम्मान योजना का लाभ, इन सभी से रिकवर होगी मैया सम्मान योजना की राशि: डीसी
साहिबगंज : जिले की कुछ महिला होमगार्ड, स्वास्थ्य विभाग की एएनएम और सहिया भी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ उठा रही हैं। इसका खुलासा राज्य सरकार द्वारा जिला प्रशासन को प्राप्त हुए एक पत्र से हुआ है।
पत्र में बताया गया है कि सदर अस्पताल सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत 13 एएनएम, विभिन्न स्थानों पर तैनात 18 महिला होमगार्ड और 685 स्वास्थ्य सहिया भी इस सरकारी योजना का लाभ उठा रही हैं।
इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त हेमन्त सती ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि साहिबगंज जिले की वैसी महिलाएं, जो सरकारी पद पर या सरकारी नौकरी करते हुए मंईयां सम्मान योजना का लाभ ले रही हैं, उसकी रिपोर्ट बनाई जा रही है।
इन सभी महिलाओं से योजना की अब तक प्राप्त हुई सभी किश्तों की राशि एकमुश्त वसूल की जाएगी। पैसे की रिकवरी के लिए सिविल सर्जन तथा होमगार्ड समादेष्टा को पत्र लिखा जा रहा है। गलत ढंग से योजना का लाभ उठा रही महिलाएं अगर स्वेच्छा से धन राशि का भुगतान कर देती हैं तो ठीक है,
अन्यथा उनके वेतन मद से उक्त राशि की कटौती की जाएगी। ये सभी महिलाएं कई महीनों से सरकार की इस योजना की लाभ उठा रही थी। उन्होंने बताया कि साधन संपन्न एवं नौकरी पेशा परिवारों की युवतियों व महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभुक सूची से बाहर किया जा रहा है।
प्रथम चरण में 26 हजार से अधिक लाभुकों का नाम सूची से हटा दिया गया है। सरकार द्वारा निर्धारित मापदंड से ऊपर के परिवारों की महिला सदस्यों को योजना का लाभ अब नहीं मिलेगा।
📊 जिलेवार लाभुक महिलाओं की संख्या
-
साहिबगंज : 21,917
-
राजमहल : 2,716
-
उधवा : 36,240
-
बोरियो : 11,004
-
बरहेट : 1,610
-
मंडरो : 7,547
-
पतना : 10,434
-
बरहरवा : 35,863
-
तालझारी : 7,991
📌 डीसी का बयान
डीसी हेमन्त सती ने कहा कि:
-
सितंबर माह में 1,74,266 लाभुक महिलाओं के खाते में ₹43.56 करोड़ की राशि भेजी गई।
-
फरवरी–मार्च में 2,00,809 लाभुकों को राशि दी गई थी।
-
अब तक की जांच के बाद जिले में लाभुक महिलाओं की कुल संख्या 1,74,266 रह गई है।
-
बरहेट प्रखंड की 4 नाबालिग लड़कियों से ₹13–13 हजार की वसूली की गई।
-
लाभुक महिलाओं के बैंक खाते, आधार लिंक और दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।
रिपोर्ट: संजय कुमार धीरज | साहिबगंज न्यूज डेस्क

0 Response to "पर्दाफाश: साहिबगंज में ANM, महिला होमगार्ड और सहिया उठा रहीं थीं मंईयां सम्मान योजना का लाभ"
Post a Comment