नाला निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग, संत कुमार घोष ने की संवेदक पर कार्रवाई की मांग
साहिबगंज : जिले के राजमहल प्रखंड के मंगलहाट में एनएच-80 के किनारे नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है कि मंगलहाट से मलाहीटोला इलाके में पिछले कई वर्षों से सड़क ऊंची होने के कारण लगातार जलजमाव की समस्या बनी रहती थी।
इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए नाला निर्माण का टेंडर पास किया गया था, ताकि स्थानीय ग्रामीणों को राहत मिल सके। लेकिन जिस संवेदक द्वारा यह काम कराया जा रहा है, उसने न तो कार्य स्थल पर किसी प्रकार का बोर्ड लगाया है और न ही मानक गुणवत्ता का पालन किया जा रहा है।
हिन्दू धर्म रक्षा मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष संत कुमार घोष ने बताया कि संवेदक द्वारा नाला निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग खुलेआम किया जा रहा है, गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं होने से मात्र छः महीने में ही यह नाला ढह जाएगा। नाला निर्माण में टिकाऊ काम नहीं होने से यह जल्द ही टूट जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में विभाग की या तो मिलीभगत है या संवेदक की मनमानी या घोर लापरवाही। पूरे मामले की जानकारी लेने जब हिन्दू धर्म रक्षा मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष संत कुमार घोष निर्माण स्थल पहुंचे तो वहां काम कर रहे मजदूर एवं मिस्त्री कुछ बता नहीं पाए और कुछ बोलने से बचते नजर आए।
कनीय अभियंता को कई बार संत कुमार ने फोन किया, पर उन्होंने फोन रिसिव तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर किसी भी प्रकार का बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कहां से कहां तक यह सड़क बन रहा है और इसकी प्राक्कलित राशि कितनी है।
उन्होंने कहा कि देखने से ही प्रतीत होता है कि सिर्फ खानापूर्ति और लूट के उद्देश्य से ही उक्त नाला का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया। संत कुमार ने जिला के आला अधिकारी तथा उपायुक्त हेमन्त सती से मांग की है कि घटिया नाला निर्माण कार्य को तत्काल रोक कर जांच की जाए और दोषी संवेदक पर कार्रवाई की जाए। देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार होता है या नहीं।

0 Response to "नाला निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग, संत कुमार घोष ने की संवेदक पर कार्रवाई की मांग"
Post a Comment