राजमहल थाना को अपराध से मुक्त बनाना प्राथमिकता : नए थाना प्रभारी हसनैन अंसारी
साहिबगंज : एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देशानुसार राधानगर थाना में पदस्थापित हसनैन अंसारी को राजमहल थाना का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद नए थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और क्षेत्र को अपराध से मुक्त कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
हसनैन अंसारी ने कहा, “किसी भी हाल में अपराध को पनपने नहीं दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की अपराध के खिलाफ हमारी कार्रवाई और भी सख्त होगी। आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसके लिए पुलिस की पूरी टीम हर समय सतर्क रहेगी।”
उल्लेखनीय है कि राजमहल थाना क्षेत्र लंबे समय से अपराध के लिए बदनाम रहा है। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और डिजिटल फ्रॉड के कई मामले यहां से सामने आ चुके हैं। इस वजह से राजमहल प्रखंड जिला भर में चर्चा का विषय रहा है। ऐसे में नए थाना प्रभारी का मुख्य फोकस अपराधियों पर नकेल कसने पर होगा।
स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाते हुए अंसारी ने कहा कि पुलिस आम जनता के साथ मिलकर काम करेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रात गश्ती, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, युवाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि वे अपराध में शामिल न हों।
एसपी अमित कुमार सिंह ने भी नए थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नए नेतृत्व से क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि अब राजमहल थाना क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

0 Response to "राजमहल थाना को अपराध से मुक्त बनाना प्राथमिकता : नए थाना प्रभारी हसनैन अंसारी"
Post a Comment