साहिबगंज जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने बीजेपी महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
राहुल गांधी की टिप्पणी पर भाजपा का विरोध, साहिबगंज जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने बीजेपी महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
साहिबगंज: बीते दिनों दरभंगा में महागठबंधन के एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने साहिबगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और जमकर हंगामा किया। जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा संभालते हुए जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर "वोट चोर गद्दी छोड़" के नारे लगाए, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
हंगामे के दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी देखने को मिली। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बरकतउल्लाह खान ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ कहासुनी हुई थी, लेकिन फिलहाल सब शांत है। इधर महिला मोर्चा की अध्यक्ष गरिमा साह ने कहा कि इस विरोध-प्रदर्शन के माध्यम से माता का सम्मान करने के लिए कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को आईना दिखाया गया है।
भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस की ओर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की बात कह रहे थे। उनकी मांग थी कि इस पर राहुल गांधी बयान दें। प्रदर्शन के दौरान कुछ भावनात्मक अपीलें भी की गई और कुछ कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के झंडे उतारने की भी कोशिश की।
इसके पूर्व कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को पार्टी की एक अहम बैठक चल रही थी। इसी दौरान अचानक भाजपा जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष गरिमा साह अपने समर्थकों के साथ हाथों में झंडा-बैनर लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंची और विरोध-प्रदर्शन करने लगीं। बता दें कि दरभंगा में हुई टिप्पणी ने साहिबगंज जिला की सियासत को भी गरमा दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज हो सकती है।
0 Response to "साहिबगंज जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने बीजेपी महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन"
Post a Comment