रांची में हेमंत सोरेन ने 170 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे, बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राजधानी रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में 170 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसमें 70 डॉक्टरों की नियुक्ति झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से की गई है, जबकि 100 डॉक्टरों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत अनुबंध पर नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा, “राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे। इसके लिए चिकित्सकों की लगातार नियुक्ति की जा रही है। एक मजबूत और सुलभ स्वास्थ्य सेवा प्रणाली विकसित करना हमारी प्राथमिकता है।”
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस ऐतिहासिक अवसर को झारखंड के लिए “सबसे बड़ा दिन” बताया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में डॉक्टरों की नियुक्ति हुई है, जो स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. अंसारी ने आगे कहा, “अब समय है कि डॉक्टरों को सम्मान मिले और उनका मनोबल बढ़े। पिछले सात महीनों में मैंने इस दिशा में लंबी लकीर खींची है। हमारा उद्देश्य डॉक्टरों की प्रतिष्ठा बहाल करना है।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि स्वास्थ्य विभाग में 10,000 कर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव और हर पंचायत तक डॉक्टर व स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें, ताकि लोग महसूस करें कि झारखंड में भी एक मजबूत और भरोसेमंद स्वास्थ्य व्यवस्था मौजूद है।
0 Response to "रांची में हेमंत सोरेन ने 170 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे, बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे बेहतर स्वास्थ्य सुविधा"
Post a Comment