साहिबगंज में 'सेवा पखवाड़ा' की शुरूआत, किया गया जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन
साहिबगंज : भाजपा की ओर से 'सेवा पखवाड़ा' को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर से कार्यकर्ता, पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि समाज को सेवा और समर्पण से जोड़ने का कार्य करती है।
“सेवा ही संगठन” का मंत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है, और हमें इसे गांव-गांव तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं, इसलिए हर कार्यकर्ता को जनता की सेवा को ही प्राथमिकता बनाना चाहिए। सेवा पखवाड़ा के साहिबगंज प्रभारी मनोज यादव ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है,
बल्कि समाज की कमजोर कड़ी तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति और युवाओं को सेवा कार्यों में आगे आना चाहिए। स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और पोषण जागरूकता जैसे कार्यक्रमों के जरिए हम जनहित को मजबूत कर सकते हैं।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा नगर अध्यक्ष संजय पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुआ यह सेवा पखवाड़ा पूरे देश में सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि यहां के कार्यकर्ताओं को और भी अधिक जिम्मेदारी लेकर काम करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान को उत्सव की तरह मनाएँ और हर गांव तक सेवा का संदेश पहुंचाएँ। वहीं, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गरिमा साह ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता सेवा और अनुशासन से प्रेरित होता है। संगठन व्यक्ति से बड़ा और राष्ट्र संगठन से भी बड़ा है।
उन्होंने हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसदों के साथ सबसे पीछे की पंक्ति में बैठे। यह दर्शाता है कि भाजपा में पद से बड़ा संगठन है और हर कार्यकर्ता समान है। मनोज तांती ने कहा कि विनम्रता और सेवा भाव भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाते हैं।
बैठक में प्रभारी मनोज यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मेंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष रामानंद साह, जिला मंत्री चांदनी देवी, श्वेता श्रीवास्तव, मनोज पासवान, सिंधु, पंकज चौधरी, संतोष चौधरी, रंजन पांडे, बबलू तिवारी, जयकांत वर्मा, मुकेश यादव, आदित्य राज और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

0 Response to "साहिबगंज में 'सेवा पखवाड़ा' की शुरूआत, किया गया जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन"
Post a Comment