साहिबगंज में बन रहा झारखंड का सबसे छोटा राष्ट्रीय राजमार्ग, गंगा पुल से आसान होगी...
साहिबगंज में बन रहा झारखण्ड का सबसे छोटा राष्ट्रीय राजमार्ग, पुल बन जाने से पूर्वोत्तर के राज्यों में पहुंचना आसान
साहिबगंज : साहिबगंज में झारखंड का सबसे छोटा राष्ट्रीय राजमार्ग बन रहा है, जिसकी लंबाई मात्र 15 किलोमीटर है। यह एनएच- 133बी के नाम से जाना जाएगा और यह एनएच- 33 व 131ए को जोड़ेगा। इसका 10 किलोमीटर का हिस्सा झारखंड में तो वहीं पांच किलोमीटर का हिस्सा बिहार में होगा।
इसके निर्माण का काम जोर-शोर से चल रहा है। भविष्य में गंगा पुल 133- बी के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही जिले के शोभनपुर गंगा प्रसाद मौजा में एनएच- 33 व एनएच- 133बी का मिलन होगा। उल्लेखनीय है कि एनएच- 80 का नाम बदल कर अब एनएच- 33 कर दिया गया है।
बता दें कि यह पथ बिहार के अरवल से शुरू हुई है तथा झारखंड के साहिबगंज होते हुए पश्चिम बंगाल के फरक्का तक जाती है। इसकी कुल लंबाई करीब 462.2 किलोमीटर है। वहीं, एनएच- 131ए पथ बिहार के पूर्णिया से शुरू होकर पश्चिम बंगाल के मालदा तक जाती है और इसकी कुल लंबाई 97 किलोमीटर है।
एनएच- 133बी इसी एनएच- 33 व एनएच- 131ए को जोड़ेगा। गंगा नदी पर पुल बन जाने के बाद साहिबगंज के अलावा पाकुड़, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, देवघर के लोगों का कटिहार होते हुए भी पश्चिम बंगाल और भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में पहुंचना आसान होगा।
जल्द शुरू होगा मिर्जाचौकी-फरक्का फोरलेन के फेज टू का काम
मिर्जाचौकी-फरक्का फोरलेन का काम तीन चरणों में होना है। पहले फेज में तालझारी के बांसकोला से पतना के केलाबाड़ी तक सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। दूसरे चरण में मिर्जाचौकी से गंगा पुल तक करीब 11 किलोमीटर तथा केलाबाड़ी से फरक्का तक करीब 14 किलोमीटर सड़क का निर्माण होना है।
818.29 करोड़ की लागत से इसका टेंडर हुआ था। डीसीसी इंफ्रा प्रोजेक्ट नामक कंपनी को काम आवंटित किया गया है। दो साल में इसे पूरा करने का लक्ष्य है। यानी 2027 के अंत तक यह पूर्ण होगा। फेज तीन में अंबाडीहा से बांसकोला तक करीब 14 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा, जिसमें डेढ़ किलोमीटर लंबा सुरंग भी होगा। इसका डीपीआर बनाने का काम चल रहा है। अगले वित्तीय वर्ष में इसका टेंडर होने की उम्मीद है।
क्या कहते हैं परियोजना निदेशक
साहिबगंज एनएचएआई के परियोजना निदेशक शरद कुमार सिंह ने बताया कि अब गंगा पुल, एनएच- 133बी के नाम से जाना जाएगा। यह राष्ट्रीय उच्च पथ एनएच- 33 व 131ए को जोड़ेगा। एनएच- 133बी की लंबाई करीब 15 किलोमीटर होगी। साहिबगंज के शोभनपुर स्थित गंगा प्रसाद मौजा में एनएच- 33 व एनएच- 133बी का मिलन होगा।
0 Response to "साहिबगंज में बन रहा झारखंड का सबसे छोटा राष्ट्रीय राजमार्ग, गंगा पुल से आसान होगी..."
Post a Comment