श्रमिकों का पर्व विश्वकर्मा पूजा आज, साहिबगंज बाजारों में दिखी जबरदस्त रौनक
श्रमिकों का त्यौहार विश्वकर्मा पूजा आज, बाजारों में बढ़ी रौनक, फूल-माला और प्रसाद की दुकानों पर उमड़ी भीड़
साहिबगंज : जिले भर में बुधवार को विश्वकर्मा पूजा धूम-धाम से मनाई जाएगी, इसको लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है और बाजारों से लेकर गली-मुहल्लों तक उत्साह का माहौल है। जिला मुख्यालय से लेकर सभी प्रखंडों तक लोग पूजा की तैयारी में जुटे हैं।
जगह-जगह फूल, माला, नारियल, प्रसाद और सजावटी सामान की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। शहर के चौक बाजार से धर्मशाला मोड़ तक और इधर स्टेशन रोड में अस्थायी दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है।
व्यवसायी बताते हैं कि इस बार बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में थोड़ा अधिक है। खासकर फूल-माला, पूजा थाली, धूप-अगरबत्ती और प्रसाद आदि की खरीदारी हो रही है। इस कारण बाजारों में रौनक देखने को मिलती है। वाहन चालक और मशीन संचालक पूजा को लेकर विशेष तैयारी कर रहे हैं।
इस बार गाड़ियों की एडवांस बुकिंग भी की गई है। बाइक, चार पहिया वाहन और ट्रैक्टर आदि की लोगों ने एडवांस बुकिंग कराई है। सभी जगहों पर उत्साह देखा जा रहा है। कई जगहों पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जाएगी।
पंडितों के अनुसार विश्वकर्मा पूजा का महत्व इसलिए भी है, क्योंकि इसे ‘श्रमिकों का पर्व’ कहा जाता है। इस दिन लोग अपने औजारों, मशीनों और वाहनों की पूजा करते हैं और मान्यता है कि इससे समृद्धि आती है और कार्य में बाधा नहीं होती।
जिले में विश्वकर्मा पूजा को लेकर जबरदस्त उत्साह का माहौल है। लोग अपनी परंपरा और आस्था के साथ इस त्यौहार को धूमधाम से मनाने की तैयारी में जुटे हैं। दुकानों पर चहल-पहल और भक्तों की भीड़ इस बात का संकेत है कि श्रम और तकनीकी के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा इस बार ज्यादा धूमधाम से मनाई जाएगी।
विश्वकर्मा पूजा को लेकर वाशिंग सेंटर पर भी वाहनों की कतार दिखी। भीड़ से बचने के लिए लोगों ने एक दिन पहले ही अपने वाहनों की वाशिंग करा ली। आज विश्वकर्मा पूजा के दिन लोग अपने वाहनों को फूल-माला से सजाएंगे और विधिवत पूजा करेंगे।

0 Response to "श्रमिकों का पर्व विश्वकर्मा पूजा आज, साहिबगंज बाजारों में दिखी जबरदस्त रौनक"
Post a Comment