रेल पटरी पर खुला मिला दर्जनों पेन्ड्रॉल क्लिप, चोरी या साजिश-विभाग में मचा हड़कंप
साहिबगंज : मालदा रेल मंडल के साहिबगंज और तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के बीच कल्याणचक रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया है। कल्याणचक रेलवे स्टेशन के निकट एक पुल के पास पोल संख्या 198/34 व 37 के बीच रेल पटरियों से छेड़-छाड़ कर अज्ञात लोगों द्वारा पेन्ड्रॉल क्लीप खोला गया।
यह बड़े रेल हादसे की साजिश थी या चोरी की नीयत? यह आरपीएफ व रेल पुलिस की जांच के बाद ही पता चल सकेगा। करीब 25 से 30 पेन्ड्रॉल क्लिप खुला हुआ पाया गया है। हालांकि कीमैन ने इस बड़ी घटना को अपनी सूझ-बूझ से टाल दिया। उस समय हावड़ा इंटरसिटी का समय था। जो दुर्घटना ग्रस्त होने से बाल-बाल बच गया।
यह ट्रेन करीब 50 मिनट तक रोक दी गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना देर रात की बताई जा रही है। लेकिन सुबह कीमैन को पेन्ड्रॉल क्लिप पर नजर पड़ी तो उसके होश उड़ गए। कुछ दूर तक जाकर उसने देखा तो पेन्ड्रॉल
क्लिप खोलकर एक साथ एक जगह फेंका हुआ मिला। कीमैन ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद यह सुचना मंडल मुख्यालय पहुंचते ही हड़कंप मच गया। इधर, आरपीएफ के डीएससी असीम कुमार कुल्लू, आरपीएफ कमांडेंट गुलाम सरवर ने दल-बल के साथ घटना स्थल पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
डीएससी ने बताया कि प्रथम दृष्टि से यह चोरी का मामला लग रहा है। जिले के खुफिया तंत्र को एक्टिव कर दिया गया है, जल्द ही मामले का खुलासा होगा। बता दें कि पेन्ड्रॉल एक प्रकार की इलास्टिक रेल क्लिप है, जो रेल की पटरियों को स्लीपरों (जैसे कंक्रीट या लकड़ी) से मजबूती से जोड़ती है।
यह क्लिप सुनिश्चित करती है कि रेल अपनी जगह पर स्थिर रहे और रेलगाड़ी के वजन और गति से होने वाले दबाव को झेल सके। यह ट्रैक के रखरखाव की आवश्यकता को कम करती है और ट्रेनों की गति को बढ़ाती है।

0 Response to "रेल पटरी पर खुला मिला दर्जनों पेन्ड्रॉल क्लिप, चोरी या साजिश-विभाग में मचा हड़कंप"
Post a Comment