प्रेमनगर को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क की स्थिति खराब, कीचड़ पर चलने को मजबूर ग्रामीण
साहिबगंज : सदर प्रखंड के कृषि विज्ञान केंद्र के समीप प्रेमनगर स्थित आंगनबाड़ी होते हुए जिरवाबाड़ी काली स्थान तक मुख्य सड़क की हालत खस्ता होने के कारण ग्रामीणों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क पर आवागमन करने वाले लोग बेहाल हैं।
यह मुख्य सड़क जिरवाबाड़ी, छोटा पंचगढ़, बड़ा पंचगढ़, पेट्रोल पंप बाजार, प्रखंड मुख्यालय सहित अन्य कई गांवों को जोड़ने का काम करती है। फिर भी इस सड़क की हालत बहुत खराब है। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
मौके पर राजमिस्त्री बबलू मंडल ने बताया कि बीते बरसात में सड़क खराब रहने के कारण गाड़ी नही पहुँच पाया और एक महिला की इलाज के अभाव में मृत्यु हो गई। अगर किसी व्यक्ति की तबियत अचानक खराब हो जाती है तो वाहन को मुख्य सड़क पर ही रोक कर रखा जाता है, तब जाकर मरीज को इलाज के लिए भेजा जाता है।
मौके पर ग्रामीण दिलीप कुमार राम ने बताया कि इस सड़क की स्थिति काफी खराब है, सड़क पर गड्ढों के चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। इस सड़क से रोजाना सैकड़ो ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय अवस्थित कोर्ट, अस्पताल, स्टेडियम जाने के लिए गुजरते हैं और कई बार दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
बाजार और स्कूल तक पहुंचने में भी दिक्कत हो रही है। बदहाल सड़क इन गांवों के विकास में बाधक बन रही है। गांव के मरीजों को भी इलाज के लिए मुख्यालय जाने में दिक्कत होती है। वहीं सड़क पर बने गड्ढों और खराब हालत के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
मौके पर मौजूद दर्जनों लोगों ने प्रशासन तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि से सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि दैनिक आवागमन में राहत मिल सके और दुर्घटना की आशंका खत्म हो। मौके पर कई ग्रामीण उपस्थित थे।

0 Response to "प्रेमनगर को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क की स्थिति खराब, कीचड़ पर चलने को मजबूर ग्रामीण"
Post a Comment