रात के अंधेरे में चला यातायात जांच अभियान, राजमहल के सभी बाजारों में वाहन चालकों की ली गई तलाशी
साहिबगंज : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात उल्लंघन की घटनाओं को देखते हुए राजमहल थाना की ओर से सराहनीय पहल करते हुए रविवार की देर रात राजमहल थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम यातायात जांच अभियान चलाया गया।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देशन एवं राजमहल अवर निरीक्षक नन्दकुमार यादव के नेतृत्व में संचालित किया गया। इसके तहत थाना क्षेत्र के स्टेशन चौक, उपकारा के सामने, कोयला बाजार, मलका बाबा स्थान, प्रखंड क्षेत्र के आने वाले अन्य बाजारों में पुलिस टीम ने चालकों से सीधे संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाएं अक्सर लापरवाही, नियमों की अनदेखी और सुरक्षात्मक साधनों का उपयोग न करने के कारण होती हैं। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने कहा कि एक छोटी सी गलती जीवनभर का पछतावा बन सकती है।
हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और नियमों का पालन करना सिर्फ कानून नहीं, बल्कि सुरक्षा का कवच है। वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार एंटी क्राइम के तहत चेकिंग की गई है। चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के मूल सिद्धांतों के बारे में बताया।
लोगों को समझाया गया कि बिना हेलमेट वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना, तेज रफ्तार से वाहन चलाना, शराब सेवन के बाद ड्राइविंग करना या मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाना कितना खतरनाक हो सकता है।

0 Response to "रात के अंधेरे में चला यातायात जांच अभियान, राजमहल के सभी बाजारों में वाहन चालकों की ली गई तलाशी"
Post a Comment