सेंबो की ऊंची पहाड़ी पर बनेगा धोनी का नया आशियाना
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रांची में अपना नया आशियाना बनाने जा रहे हैं। यह घर रांची रिंग रोड के नजदीक सेंबो की ऊंची पहाड़ी पर बनाया जाएगा, जहाँ से आसपास का पूरा इलाका साफ दिखाई देता है। धोनी ने यहां करीब दो एकड़ जमीन खरीदी है, जिसमें प्लॉट नंबर 822, 1314, 1322 और 1324 शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, धोनी ने शुरुआत में तीन मंजिला घर का डिजाइन तैयार कराया था, लेकिन भूमि के कृषियोग्य श्रेणी में होने के चलते उन्हें केवल 7 मीटर ऊंचाई तक ही निर्माण की अनुमति मिली है। इस कारण उनका नया घर अब जी प्लस वन (G+1) मॉडल में बनेगा, यानी ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर एक मंजिल।
सेंबो का यह क्षेत्र शांत, हरियाली से भरपूर और प्राकृतिक वातावरण के लिए जाना जाता है। साथ ही, जमीन के पास CRPF कैंप होने से सुरक्षा भी पूरी तरह सुनिश्चित रहती है।
धोनी का यह नया घर उनके वर्तमान फार्महाउस से बिल्कुल अलग होगा। उनका पुराना विशाल घर करीब 7 एकड़ में फैला है, जिसमें स्विमिंग पूल, जिम, इंडोर स्टेडियम और अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। धोनी के नए ठिकाने को लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है और जल्द ही इसके निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।

0 Response to "सेंबो की ऊंची पहाड़ी पर बनेगा धोनी का नया आशियाना"
Post a Comment