गंगा में देखा गया मगरमच्छ, सहमे लोग, जानिए क्या कहते हैं पर्यावरणविद डॉ. रणजीत सिंह


गंगा में देखा गया मगरमच्छ, सहमे लोग, जानिए क्या कहते हैं पर्यावरणविद डॉ. रणजीत सिंह

साहिबगंज : इन दिनों गंगा नदी उफान पर हैं। इसीलिए नदी में विभिन्न प्रकार के जलीय जीव-जंतु भी देखे जा रहे हैं। इससे तटवर्ती इलाके और कछारी गांवों में रहने वाले लोग सहमे हैं। एक ओर तो बाढ़ के डर से लोग घर छोड़ रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर नदी में भयानक जलीय जंतुओं के देखे जाने से परेशानी और बढ़ गई है।

गदाई दियारा की ओर बाढ़ के पानी में मगरमच्छ देखा गया तो नाविकों में खलबली मच गई। दोपहर करीब तीन बजे गंगा किनारे रहने वाले नाविक नदी में थे। इसी दौरान उन्हें सामने से मगरमच्छ आता दिखा। लोगों ने बताया कि मगरमच्छ करीब पांच से छह फीट लंबा था।

नाविकों ने मगरमच्छ को चारों तरफ से घेरकर दबोचने की भी कोशिश की, लेकिन वह गहरे पानी में चला गया। नाविकों ने बताया कि जब से गंगा में पानी बढ़ा है, तब से कई छोटे और बड़े मगरमच्छ व घड़ियाल देखे गए हैं। इसके साथ ही साथ जहरीले सांप भी इधर-उधर घूम रहे हैं।

जिस वजह से लोग सहमे हुए हैं। गंगा नदी में मगरमच्छ और अन्य जलीय जीवों के देखे जाने से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत है। पर्यावरण विशेषज्ञ सह मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य रणजीत कुमार सिंह के अनुसार, मगरमच्छ आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करते हैं, लेकिन सतर्क रहना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मगरमच्छ दिखने पर कम से कम 10-15 फीट की दूरी बनाए रखें। मगरमच्छ वाली जगह या आस-पास तैराकी न करें। नाव चलाते समय हाथ और पैर पानी में न लटकाएं। मगरमच्छ को छूने, पत्थर मारने या चिढ़ाने की गलती कदापि न करें।

इधर वन विभाग व जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने कहा कि रात के समय मगरमच्छ ज्यादा सक्रिय होते हैं। मगरमच्छ मुख्यतः मछलियों का शिकारी है। यदि आपको मगरमच्छ दिखाई दे, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें या 7061391175 नंबर पर संपर्क करें।


रिपोर्ट: संजय कुमार धीरज | साहिबगंज न्यूज डेस्क

0 Response to "गंगा में देखा गया मगरमच्छ, सहमे लोग, जानिए क्या कहते हैं पर्यावरणविद डॉ. रणजीत सिंह"

Post a Comment

साहिबगंज न्यूज़ की खबरें पढ़ने के लिए धन्यवाद, कृप्या निचे अनुभव साझा करें.

Iklan Atas Artikel

Iklan Tengah Artikel 2

Iklan Bawah Artikel