दुर्गा सप्तशती के पाठ से गुंजायमान हुआ शहर, भक्त घरों पर भी कलश रखकर जता रहे आस्था
साहिबगंज : दुर्गा सप्तशती के पाठ से शहर गुंजायमान होने लगा है। दुर्गा पूजा को लेकर शहर में लोगों के बीच उत्साह बढ़ने लगा है। रविवार को माता दुर्गा के छठे स्वरूप माता कात्यायनी की पूजा-अर्चना हो रही है। दुर्गा मंदिरों में सबेरे से ही दुर्गा सप्तशती श्लोक गुंजायमान होने लगा।
मंदिर की बजती घंटियां एवं भक्तों की बढ़ती भीड़ से पूरा माहौल भक्तिमय बनने लगा है। बड़ी दुर्गा स्थान में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। आरती के वक्त संध्या में श्रद्धालुओं से पूरा मंदिर परिसर भर जाता है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि सप्तमी के दिन मंगलवार की रात्रि मां भगवती को छप्पन भोग लगाया जाएगा।
रात्रि में निशा पूजा व छप्पन भोग कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालु उत्साहित हैं। निशा पूजा के बाद ही अन्य दुर्गा मंदिरों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए पट खोल दिए जाएंगे। शहर के महादेवगंज, पुलिस लाइन, बड़तल्ला, रेलवे कॉलोनी, बड़ी दुर्गा स्थान, गोड़ाबाड़ी हटिया एवं दहला स्थित दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं के आने का तांता लगा रहा।
विभिन्न दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया जा रहा है। भक्त अपने घरों पर भी कलश रखकर मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था जता रहे हैं। श्रद्धालुओं की भक्ति एवं उपासना से शहर का कोना-कोना सराबोर है। पूर्वांचल दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष विमल यादव ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर चार दिनों का मेला लगाया गया है। अष्टमी से ही यहां भक्तों की भीड़ बढ़ेगी।
0 Response to "दुर्गा सप्तशती के पाठ से गुंजायमान हुआ शहर, भक्त घरों पर भी कलश रखकर जता रहे आस्था"
Post a Comment