काली महारानी के प्रतिमा विसर्जन में भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा शहर
साहिबगंज : शहर में काली प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के अवसर पर बुधवार को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी काली महारानी प्रतिमा के साथ निकली शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल से भर दिया।
शोभायात्रा के साथ हजारों की भीड़ माता का जयकारा लगाते चल रहे थे। मंदिर में बड़ी काली महारानी की आरती के बाद सुबह विसर्जन शोभायात्रा शुरू हुई। विसर्जन शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोग मां काली का जयकारा लगाते चल रहे थे।
यहां काली महारानी की आरती की गई। विसर्जन शोभायात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ रहा था। पूर्वी फाटक, कॉलेज रोड, चौक बाजार, एलसी रोड, घाट रोड सहित जगह-जगह मां की आरती की उपरांत अखाड़ा खेला गया। मां काली महारानी के जयकारे से पूरा मार्ग गूंज रहा था।
विसर्जन शोभायात्रा के दौरान कई समितियों ने अखाड़ा निकाला। परंपरा के अनुसार बड़ी काली के विसर्जन के बाद ही अन्य प्रतिमा की विसर्जन की जाती है। बड़ी काली के विसर्जन में विलंब के कारण अन्य प्रतिमा थोड़ी देर के लिए जहां-तहां रूकी रही।
बड़ी काली की विसर्जन के बाद सभी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शोभा यात्रा और विसर्जन जुलूस को लेकर जिला प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा जुलूस मार्गों का निरीक्षण करते दिखे।
जगह-जगह दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी व सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। एलसी रोड के जामा मस्जिद के पास मंच पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंद, जिला शिक्षा अधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा, भू- अर्जन पदाधिकारी छुटेश्वर कुमार दास, सदर अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू विभिन्न स्थानों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मॉनिटरिंग कर रहे थे।

0 Response to "काली महारानी के प्रतिमा विसर्जन में भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा शहर"
Post a Comment