साक्षरता मोड़ पंडाल में उमड़ा सैलाब, मां का दरबार बना आस्था श्रद्धा और...
साक्षरता मोड़ स्थित माता के पंडाल में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां का दरबार बना आस्था श्रद्धा और विश्वास का केंद्र
साहिबगंज : जिले भर में चल रहे शारदीय नवरात्र महोत्सव में आस्था का उत्सव चरम पर है। गुरुवार को दशमी तिथि पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर 2 बजे तक ही मंदिर प्रांगण में हजारों भक्त माता के दर्शन कर चुके थे, वहीं रात तक यह संख्या बढ़कर एक लाख से अधिक पहुंचने का अनुमान है।
उल्लेखनीय है कि साक्षरता मोड़ स्थित काटरगंज में पूर्वांचल दुर्गा पूजा समिति के बैनर तले नवरात्र के दिनों में लाखों श्रद्धालु जिले भर से यहां पहुंचते हैं। नवमी एवं दशमी के दिन सुबह से ही मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में भक्तों की लंबी कतारें नजर आईं।
श्रद्धालु माता की जयकारों के साथ दर्शन करते हुए मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना कर रहे थे। श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था का माहौल चरम पर रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया। पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार डटे रहे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भीड़ प्रबंधन में पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता सराहनीय रही। मेले में बिछड़ने की घटनाएं भी बड़ी संख्या में सामने आईं, लेकिन मंदिर प्रबंधन व पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक दर्जन से अधिक बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उनके परिजनों से सुरक्षित मिलवाया।
इसके लिए खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था बेहद कारगर साबित हुई। मंदिर प्रबंधन और प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की श्रद्धालुओं ने खुलकर प्रशंसा की। भक्तों का कहना था कि इस बार नवरात्रि मेले में दर्शन की प्रक्रिया सहज और व्यवस्थित रही।
पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों की मेहनत से भीड़ होने के बावजूद श्रद्धालु आसानी से माता के दर्शन कर पाए। जैसे-जैसे नवरात्र समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे यहां आने वाले भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। नवरात्र महोत्सव के दौरान मां का दरबार आस्था, श्रद्धा और विश्वास का केंद्र बना हुआ है।
0 Response to "साक्षरता मोड़ पंडाल में उमड़ा सैलाब, मां का दरबार बना आस्था श्रद्धा और..."
Post a Comment